श्रीलंका की हार से पाकिस्तान की उम्मीदें जिंदा
SL Pak Match in Asia Cup: एशिया कप का फीवर चढ़ने लगा है. मंगलवार (23 सितंबर) को पाकिस्तान और श्रीलंका बीच सुपर-4 का मुकाबले में कड़ा रोमांच देखने को मिला
शाहीन शाह अफरीदी और हुसैन तलत की घातक गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान ने एशिया कप टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर-4 चरण में श्रीलंका को रोमांचक मुकाबले में पांच विकेट से हराकर फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा.
भारत के खिलाफ पिछली हार से उबरते हुए पाकिस्तान ने श्रीलंका द्वारा दिए गए 134 रन के लक्ष्य को 18 ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया. पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद नवाज (नाबाद 38 रन, 24 गेंद, तीन चौके, तीन छक्के) और हुसैन तलत (नाबाद 32 रन, 30 गेंद, चार चौके) ने छठे विकेट के लिए 58 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम को जीत की राह दिखाई.
पाकिस्तान गेंदबाजों की फ्लाप के बाद बदली किस्मत
श्रीलंका की ओर से महेश तीक्षणा (दो विकेट, 24 रन) और वानिंदु हसरंगा (दो विकेट, 27 रन) ने उम्दा स्पिन गेंदबाजी की लेकिन टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे. इससे पहले टॉस जीतकर पाकिस्तान ने श्रीलंका को बल्लेबाजी का न्योता दिया और गेंदबाजों ने कप्तान आगा सलमान के फैसले को सही साबित कर दिखाया। शाहीन अफरीदी ने 28 रन देकर तीन विकेट, तलत ने 18 रन पर दो विकेट और हारिस राऊफ ने 37 रन पर दो विकेट चटकाए.
लेग स्पिनर अबरार अहमद ने भी चार ओवर में मात्र आठ रन देकर एक विकेट झटका. श्रीलंका की पूरी टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 133 रन ही बना सकी. टीम की ओर से कामिंदु मेंडिस ने 44 गेंदों में 50 रन (तीन चौके, दो छक्के) की जुझारू पारी खेली. उन्होंने चमिका करुणारत्ने (नाबाद 17) के साथ सातवें विकेट के लिए 43 रन जोड़कर पारी को संभाला. कप्तान चरिथ असलंका ने 20 रन बनाए।
लो स्कोरिंग मैच में रोमांच का जादू
लक्ष्य का पीछा करने उतरे पाकिस्तान को साहिबजादा फरहान (24) और फखर जमां (17) ने 45 रन की मजबूत शुरुआत दिलाई. हालांकि तीक्षणा ने फरहान और फखर को लगातार गेंदों पर आउट कर मैच में वापसी दिलाई. इसके बाद हसरंगा ने सईम अयूब (2) और आगा सलमान (5) को आउट करके पाकिस्तान को संकट में डाल दिया।
इस समय पाकिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 57 रन था. यहां से तलत और मोहम्मद हारिस (13) ने थोड़ी देर संभाला, लेकिन चमीरा ने हारिस को बोल्ड कर साझेदारी तोड़ दी. इसके बाद नवाज और तलत ने मिलकर मोर्चा संभाला. नवाज ने हसरंगा और चमीरा पर आक्रामक शॉट्स लगाए, जबकि तलत ने धैर्य से खेलते हुए टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया.
श्रीलंका की पारी का हाल
श्रीलंका ने मैच की शुरुआत ही खराब की और दूसरी ही गेंद पर कुसाल मेंडिस (0) शाहीन की गेंद पर कैच देकर आउट हो गए. पथुम निसांका (8) भी ज्यादा देर नहीं टिक पाए। असलंका (20) और कुसाल परेरा (15) ने कुछ रन जोड़े लेकिन बड़ा स्कोर बनाने में विफल रहे. कामिंदु मेंडिस ने जरूर अर्धशतक जड़ा लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास सहयोग नहीं मिला. तलत ने असलंका और दासुन शनाका (0) को लगातार गेंदों पर आउट किया और श्रीलंका की पारी बिखेर दी.
पाकिस्तान की उम्मीदें बरकरार
अंतिम पांच ओवर में पाकिस्तान को 30 रन चाहिए थे. इस दौरान तलत ने हसरंगा पर लगातार चौके लगाए और नवाज ने चमीरा पर तीन छक्के जड़कर टीम को आसानी से जीत दिला दी. इस जीत के साथ पाकिस्तान ने फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूती दे दी, जबकि श्रीलंका को हार का सामना करना पड़ा.
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप (बाएँ) और कोच डैरेन समी (दाएँ) (फाइल फोटो)
West Indies Pakistan ODI Series: वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम एक बार फिर घरेलू मैदान पर जीत की हैट्रिक को लंबा करने के इरादे से तैयार है. पाकिस्तान के खिलाफ 8 अगस्त से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज़ के लिए टीम में कुछ बदलाव किए गए हैं. जहां तेज़ गेंदबाज अल्जारी जोसेफ को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है, वहीं ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड की टीम में वापसी हुई है.
सीरीज का शेड्यूल
यह सीरीज ब्रायन लारा स्टेडियम, त्रिनिदाद में खेली जाएगी, जिसमें पहला मुकाबला 8 अगस्त, दूसरा 10 अगस्त और अंतिम वनडे 12 अगस्त को होगा. पाकिस्तान के खिलाफ यह सीरीज़ वेस्टइंडीज के लिए सिर्फ घरेलू सीरीज़ भर नहीं, बल्कि वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों का अहम हिस्सा है.
वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (CWI) ने 15 सदस्यीय स्क्वॉड की घोषणा की है, जिसमें अधिकतर वही खिलाड़ी शामिल हैं जिन्होंने हाल ही में इंग्लैंड, बांग्लादेश और यूनाइटेड किंगडम के दौरों पर शानदार प्रदर्शन करते हुए सीरीज़ में जीत दर्ज की थी. अब यह टीम अपने घरेलू मैदान पर लगातार चौथी वनडे सीरीज़ जीतने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेगी.
हार का बदला लेने उतरेगी वेस्टइंडीज
गौरतलब है कि हाल ही में वेस्टइंडीज को पाकिस्तान के हाथों टी20 सीरीज़ में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था. यह लगातार सातवीं टी20 सीरीज़ थी, जिसमें पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को हराया. अब वनडे फॉर्मेट में वेस्टइंडीज के पास पलटवार करने का सुनहरा मौका है.
वेस्टइंडीज के हेड कोच डैरेन सैमी ने कहा कि यह सीरीज़ सिर्फ जीतने के लिए नहीं, बल्कि 2027 विश्व कप के लिए रैंकिंग सुधारने और क्वालिफिकेशन सुनिश्चित करने का भी बड़ा मौका है. उन्होंने कहा, "पाकिस्तान जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खेलना हमारी टीम की मानसिकता, एकजुटता और रणनीति को परखने का बेहतरीन अवसर है."
वेस्टइंडीज 15 सदस्यीय टीम
शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, जेडिया ब्लेड्स, कीसी कार्टी, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, जस्टिन ग्रीव्स, अमीर जंगू, शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, इविन लुईस, गुडाकेश मोती, शेरफेन रदरफोर्ड, जायडेन सील्स और रोमारियो शेफर्ड.
वनडे वर्ल्ड कप 2027 को ध्यान में रखते हुए वेस्टइंडीज के लिए यह सीरीज बेहद अहम है. युवा खिलाड़ियों से सजी यह टीम घरेलू मैदान पर न केवल आत्मविश्वास से भरपूर है, बल्कि पाकिस्तान से पिछली हार का बदला लेने के लिए भी पूरी तरह तैयार दिख रही है.
India vs England Women ODI 2025
India vs England Women ODI Series: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया है. मंगलवार (23 जुलाई) की कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को तीसरे और निर्णायक वनडे में 13 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीत ली. इससे पहले भारतीय टीम ने टी20 सीरीज भी 3-2 से अपने नाम की थी. इस जीत के साथ भारत ने इंग्लैंड दौरे का शानदार और ऐतिहासिक जीत के साथ समापन किया.
पहले बल्लेबाजी कर भारत ने खड़ा किया मजबूत स्कोर
तीसरे वनडे में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना ने शानदार शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की. प्रतिका ने 26 रन और मंधाना ने 45 रन बनाए. इसके बाद हरलीन देओल भी 45 रन बनाकर आउट हुईं.
हालांकि, असली कमाल कप्तान हरमनप्रीत कौर ने किया, जिन्होंने सिर्फ 84 गेंदों में 14 चौकों की मदद से शानदार 102 रन ठोके. हरमनप्रीत का यह सातवां शतक है. वह अब तक इंग्लैंड के खिलाफ तीन शतक लगा चुकी हैं. जेमिमा रोड्रिग्स ने भी 50 रनों की तेजतर्रार पारी खेली. भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट पर 318 रन बनाए. इंग्लैंड की ओर से पांच गेंदबाजों को एक-एक विकेट मिला.
इंग्लैंड की पारी में क्रांति का तूफान
भारत के जरिये दिए गए 319 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही. क्रांति गौड़ ने एमी जोन्स और टैमी बीमाउंट को सस्ते में आउट कर भारत को उम्मी के मुताबिक शानदार शुरुआत दिलाई. इसके बाद एम्मा लैंब और कप्तान नैट सिवर ब्रंट ने 162 रनों की बड़ी साझेदारी की. लैंब ने 68 और ब्रंट 98 रन बनाकर आउट हुईं.
मैच में बने रहने के लिए इंग्लैंड की खिलाड़ियों ने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 49.5 ओवर में 305 रन पर सिमट गई. भारत की ओर से क्रांति गौड़ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके. श्री चरणी ने 2 और दीप्ति शर्मा ने 1 विकेट लिया. इस जीत के साथ भारत ने इंग्लैंड में वनडे और टी20 दोनों सीरीज जीतकर अपने दमदार प्रदर्शन की मुहर लगा दी
भारत ने बांग्लादेश को किया धराशायी (PC-espncricinfo)
Ind Ban Match in Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में टीम इंडिया ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 41 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली. इस जीत के हीरो रहे बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, जिन्होंने सिर्फ 37 गेंदों पर 75 रन की आतिशी पारी खेलकर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया. उनकी इसी शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
अभिषेक शर्मा ने मैच के बाद कहा कि उनका फोकस हमेशा टीम के लिए पावरप्ले का पूरा फायदा उठाने पर रहता है. उन्होंने कहा, "अगर गेंद मेरी रेंज में होती है तो मैं पहली ही गेंद से शॉट खेलने में हिचकिचाता नहीं. कुछ मैचों में विपक्षी गेंदबाज विकेट लेने की कोशिश करते हैं, ऐसे में मैं मौके का फायदा उठाता हूं. आज मैंने और शुभमन ने शुरुआत में विकेट को देखने और फिर आक्रामक अंदाज में खेलने का फैसला किया."
मैच में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 168 रन बनाए. टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने. दोनों ने सिर्फ 6.2 ओवर में पहले विकेट के लिए 77 रन जोड़ दिए. अभिषेक ने अपनी पारी में 5 छक्के और 6 चौके लगाए. गिल ने 19 गेंदों पर 29 रन बनाए, जबकि मध्यक्रम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा. कप्तान सूर्यकुमार यादव (5), तिलक वर्मा (5) और शिवम दुबे (2) सस्ते में आउट हो गए. हालांकि हार्दिक पांड्या ने 29 गेंदों पर 38 रन बनाकर स्कोर को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाया.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम 19.3 ओवर में 127 रन पर सिमट गई. सलामी बल्लेबाज सैफ हसन ने अकेले संघर्ष करते हुए 51 गेंदों पर 69 रन ठोके. उनकी इस पारी में 5 छक्के और 3 चौके शामिल थे. हालांकि दूसरे छोर से कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका. परवेज हुसैन इमोन ने 21 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए.
भारत की जीत में गेंदबाजों का भी अहम योगदान रहा. जसप्रीत बुमराह ने अपनी धारदार गेंदबाजी से 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए. कुलदीप यादव ने 3 विकेट चटकाए, वहीं वरुण चक्रवर्ती ने 2, अक्षर पटेल और तिलक वर्मा ने 1-1 विकेट लिया. इस तरह भारत ने शानदार टीम वर्क और अभिषेक शर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर एशिया कप के सुपर-4 में जोरदार जीत दर्ज की. अब टीम इंडिया का अगला लक्ष्य फाइनल में जगह पक्की करना होगा और एशिया कप में शानदार जीत हासिल करना.