फाइल फोटो
एशिया कप के सुपर-4 मैच में भारत ने पाकिस्तान को फिर हरा दिया. इस हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान आग़ा ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में अपनी टीम के प्रदर्शन पर बात की. सलमान आग़ा ने कहा कि टीम को शुरुआत अच्छी मिली थी, लेकिन वे उसका फायदा नहीं उठा पाए.
उन्होंने कहा कि शुरुआती 10 ओवरों में हमें जैसा स्टार्ट मिला था, मेरे ख़्याल से हमें 10-15 रन ज़्यादा करने चाहिए थे. यहां 10 ओवर के बाद बैटिंग करना इतना आसान नहीं होता, इसलिए 170 भी चुनौतीपूर्ण स्कोर था. कप्तान के मुताबिक बल्लेबाज़ी में स्टार्ट अच्छा था लेकिन फ़िनिशिंग अच्छी नहीं हुई. उन्होंने कहा कि फ़ील्डिंग बहुत अच्छी नहीं रही. बैटिंग में शुरुआत ठीक थी लेकिन अंत नहीं कर पाए. गेंदबाज़ी में भी शुरुआत कमजोर रही लेकिन अंत तक हमने अच्छा किया.
मैच का हाल
पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 171 रन बनाए. भारत ने 19वें ओवर में ही मैच जीत लिया. भारतीय बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा ने 39 गेंदों में 74 रन बनाकर प्लेयर ऑफ़ द मैच का खिताब अपने नाम किया. एशिया कप में यह पाकिस्तान की भारत के खिलाफ लगातार दूसरी हार है. कप्तान ने कहा कि टीम आगे के मैचों में अपनी गलतियों से सबक लेगी.
मिचेल मार्श (फाइल फोटो)
Aus Team again India: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने भारत के खिलाफ होने वाली वनडे और टी20 सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. वनडे सीरीज के तीनों मैच और टी20 सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में मिचेल मार्श ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान संभालेंगे. वहीं, चोट से उबर रहे पैट कमिंस को आराम देने का निर्णय लिया गया है.
ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम में कई नए और अनुभवी खिलाड़ियों को मौका मिला है. जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, बेन ड्वार्शिस, ट्रेविस हेड, मिचेल स्टार्क और एडम जांपा जैसे खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा हैं. वहीं, आरोन हार्डी, मार्नस लाबुशेन और मैथ्यू कुहनेमन को वनडे टीम से बाहर रखा गया है.
टी20 टीम में कुछ बदलाव देखने को मिलेंगे. शेफील्ड शील्ड मैच के चलते विकेटकीपर एलेक्स कैरी शुरुआती टी20 मुकाबलों में नहीं खेल सकेंगे. इसके अलावा कलाई में फ्रैक्चर के कारण ग्लेन मैक्सवेल को भी टीम में जगह नहीं मिली है.
ऑस्ट्रेलिया ने वनडे विश्व कप 2027 को ध्यान में रखते हुए मिडिल ऑर्डर को मजबूत बनाने के लिए मैथ्यू रेनशॉ और मिचेल ओवेन को टीम में शामिल किया है. चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली के अनुसार, टी20 टीम को वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से बनाए रखा गया है, जबकि कुछ खिलाड़ी एशेज सीरीज और शेफील्ड शील्ड में खेलेंगे. इसी कारण कैमरून ग्रीन को टी20 टीम में शामिल नहीं किया गया है.
भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें 19 से 25 अक्टूबर के बीच पर्थ, एडिलेड और सिडनी में तीन वनडे मुकाबलों की सीरीज खेलेंगी. इसके बाद पांच टी20 मुकाबले 29 अक्टूबर से 8 नवंबर के बीच कैनबरा, मेलबर्न, होबार्ट, गोल्ड कोस्ट और ब्रिस्बेन में खेले जाएंगे.
ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, बेन ड्वार्शिस, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, मिचेल ओवेन, मैथ्यू रेनशॉ, मैथ्यू शॉर्ट, मिचेल स्टार्क, एडम जांपा.
पहले दो टी20 मुकाबलों के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, टिम डेविड, बेन ड्वार्शिस, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, मैथ्यू कुहनेमन, मिचेल ओवेन, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस, एडम जांपा.
भारत पाकिस्तान में होगी एशिया कप के फाइनल मुकाबले में टक्कर (फाइल फोटो)
Asia Cup 2025 Finale: एशिया कप 2025 का सबसे बड़ा धमाका अब नजदीक है. 28 सितंबर को दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा वो महाकाव्य फाइनल, जिसका इंतजार हर क्रिकेट फैन बेसब्री से कर रहा है. इस बार फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा, जो एशिया कप इतिहास में पहला मौका है. क्रिकेट की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विता का रोमांच अब हर दिल में महसूस किया जा रहा है.
एशिया कप का यह 17वां संस्करण है और मौजूदा टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में तीसरी बार खेला जा रहा है. एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी, और तब से लेकर अब तक यह टूर्नामेंट एशियाई देशों के बीच क्रिकेट का सबसे प्रतिष्ठित आयोजन माना जाता है.
1984 में पहले एशिया कप का फाइनल भारत और श्रीलंका के बीच यूएई में हुआ था, जिसमें भारत विजेता रही. 1986 में श्रीलंका में आयोजित दूसरे एशिया कप में श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता. तीसरे संस्करण में, जो 1988 में बांग्लादेश में हुआ, भारत ने श्रीलंका को मात देकर खिताब अपने नाम किया. 1990 में भारत में हुए चौथे एशिया कप के फाइनल में भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराकर विजेता बनी. 1995 में यूएई में पांचवें संस्करण में भी भारत ने श्रीलंका को हराया.
1997 में छठे एशिया कप में श्रीलंका ने भारत को मात दी. सातवें संस्करण का आयोजन 2000 में बांग्लादेश में हुआ, जिसमें पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराकर चैंपियन बना. 2004 में श्रीलंका में आठवें संस्करण के फाइनल में श्रीलंका ने भारत को हराकर खिताब जीता. 2008 में पाकिस्तान में हुए नौवें एशिया कप में भारत को हराकर श्रीलंका विजयी रही. 2010 में श्रीलंका में दसवें संस्करण का फाइनल भारत ने जीतकर खिताब अपने नाम किया.
2012 में ग्यारहवें संस्करण में बांग्लादेश में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर चैंपियन बनी. 2014 में बारहवें संस्करण में पाकिस्तान को हराकर श्रीलंका विजयी रही. 2016 में एशिया कप का 13वां संस्करण पहली बार टी20 फॉर्मेट में खेला गया, जिसमें भारत ने बांग्लादेश को हराकर खिताब जीता. 2018 में यूएई में आयोजित 14वें संस्करण में भारत ने बांग्लादेश को हराकर विजेता रही. 2022 में टी20 फॉर्मेट का दूसरा संस्करण यूएई में हुआ, जिसमें श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता. 2023 में पाकिस्तान और श्रीलंका की सह-मेजबानी में आयोजित 16वें एशिया कप में भारत ने फाइनल में श्रीलंका को मात दी.
भारत एशिया कप का सबसे सफल राष्ट्र है, जिसने अब तक आठ खिताब अपने नाम किए हैं. इसके बाद श्रीलंका छह खिताब के साथ दूसरे स्थान पर है. पाकिस्तान ने दो बार एशिया कप जीतने का गौरव पाया है. अब फाइनल का रोमांच बढ़ चुका है. 28 सितंबर को दुबई में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे. क्रिकेट फैंस इस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि भारत-पाक प्रतिद्वंद्विता हमेशा से ही क्रिकेट का सबसे रोमांचक और दिलचस्प मुकाबला रही है. इस फाइनल में कौन विजेता बनेगा, यह सवाल पूरे एशिया और दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना रहेगा.
श्रीलंका की हार से पाकिस्तान की उम्मीदें जिंदा
SL Pak Match in Asia Cup: एशिया कप का फीवर चढ़ने लगा है. मंगलवार (23 सितंबर) को पाकिस्तान और श्रीलंका बीच सुपर-4 का मुकाबले में कड़ा रोमांच देखने को मिला
शाहीन शाह अफरीदी और हुसैन तलत की घातक गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान ने एशिया कप टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर-4 चरण में श्रीलंका को रोमांचक मुकाबले में पांच विकेट से हराकर फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा.
भारत के खिलाफ पिछली हार से उबरते हुए पाकिस्तान ने श्रीलंका द्वारा दिए गए 134 रन के लक्ष्य को 18 ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया. पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद नवाज (नाबाद 38 रन, 24 गेंद, तीन चौके, तीन छक्के) और हुसैन तलत (नाबाद 32 रन, 30 गेंद, चार चौके) ने छठे विकेट के लिए 58 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम को जीत की राह दिखाई.
पाकिस्तान गेंदबाजों की फ्लाप के बाद बदली किस्मत
श्रीलंका की ओर से महेश तीक्षणा (दो विकेट, 24 रन) और वानिंदु हसरंगा (दो विकेट, 27 रन) ने उम्दा स्पिन गेंदबाजी की लेकिन टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे. इससे पहले टॉस जीतकर पाकिस्तान ने श्रीलंका को बल्लेबाजी का न्योता दिया और गेंदबाजों ने कप्तान आगा सलमान के फैसले को सही साबित कर दिखाया। शाहीन अफरीदी ने 28 रन देकर तीन विकेट, तलत ने 18 रन पर दो विकेट और हारिस राऊफ ने 37 रन पर दो विकेट चटकाए.
लेग स्पिनर अबरार अहमद ने भी चार ओवर में मात्र आठ रन देकर एक विकेट झटका. श्रीलंका की पूरी टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 133 रन ही बना सकी. टीम की ओर से कामिंदु मेंडिस ने 44 गेंदों में 50 रन (तीन चौके, दो छक्के) की जुझारू पारी खेली. उन्होंने चमिका करुणारत्ने (नाबाद 17) के साथ सातवें विकेट के लिए 43 रन जोड़कर पारी को संभाला. कप्तान चरिथ असलंका ने 20 रन बनाए।
लो स्कोरिंग मैच में रोमांच का जादू
लक्ष्य का पीछा करने उतरे पाकिस्तान को साहिबजादा फरहान (24) और फखर जमां (17) ने 45 रन की मजबूत शुरुआत दिलाई. हालांकि तीक्षणा ने फरहान और फखर को लगातार गेंदों पर आउट कर मैच में वापसी दिलाई. इसके बाद हसरंगा ने सईम अयूब (2) और आगा सलमान (5) को आउट करके पाकिस्तान को संकट में डाल दिया।
इस समय पाकिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 57 रन था. यहां से तलत और मोहम्मद हारिस (13) ने थोड़ी देर संभाला, लेकिन चमीरा ने हारिस को बोल्ड कर साझेदारी तोड़ दी. इसके बाद नवाज और तलत ने मिलकर मोर्चा संभाला. नवाज ने हसरंगा और चमीरा पर आक्रामक शॉट्स लगाए, जबकि तलत ने धैर्य से खेलते हुए टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया.
श्रीलंका की पारी का हाल
श्रीलंका ने मैच की शुरुआत ही खराब की और दूसरी ही गेंद पर कुसाल मेंडिस (0) शाहीन की गेंद पर कैच देकर आउट हो गए. पथुम निसांका (8) भी ज्यादा देर नहीं टिक पाए। असलंका (20) और कुसाल परेरा (15) ने कुछ रन जोड़े लेकिन बड़ा स्कोर बनाने में विफल रहे. कामिंदु मेंडिस ने जरूर अर्धशतक जड़ा लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास सहयोग नहीं मिला. तलत ने असलंका और दासुन शनाका (0) को लगातार गेंदों पर आउट किया और श्रीलंका की पारी बिखेर दी.
पाकिस्तान की उम्मीदें बरकरार
अंतिम पांच ओवर में पाकिस्तान को 30 रन चाहिए थे. इस दौरान तलत ने हसरंगा पर लगातार चौके लगाए और नवाज ने चमीरा पर तीन छक्के जड़कर टीम को आसानी से जीत दिला दी. इस जीत के साथ पाकिस्तान ने फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूती दे दी, जबकि श्रीलंका को हार का सामना करना पड़ा.