(फाइल फोटो)
Indian Cricket Team Captain in ODI: भारतीय क्रिकेट में आज बड़ा बदलाव देखने को मिला है. अब वनडे क्रिकेट की कमान रोहित शर्मा से लेकर युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल को सौंप दी गई है. बीसीसीआई ने शनिवार (4 अक्टूबर) को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम की घोषणा की, जहां गिल को कप्तान और श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया. यह फैसला न सिर्फ आने वाली सीरीज़ के लिए अहम है बल्कि 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी की दिशा में भी बड़ा कदम माना जा रहा है.
बीसीसीआई की चयन समिति ने गिल को कप्तान बनाने से पहले मुख्य कोच गौतम गंभीर से भी चर्चा की. इस चयन समिति की अगुवाई अजीत अगारकर कर रहे हैं. माना जा रहा है कि टीम प्रबंधन चाहता है कि 26 वर्षीय गिल आने वाले सालों में टीम इंडिया की कप्तानी को मजबूती से संभालें. गिल पहले ही टेस्ट टीम की कप्तानी कर रहे हैं और अब वनडे टीम की कमान भी उनके हाथों में आ गई है. वहीं, टी20 टीम में वे उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे.
ऑस्ट्रेलिया दौरे का शेड्यूल
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे मैच खेले जाएंगे, जो 19 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक सिडनी, एडिलेड और मेलबर्न में होंगे. इसके बाद पांच टी20 मुकाबलों की सीरीज़ होगी. वनडे टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली को भी शामिल किया गया है. वहीं, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है.
BCCI का चयन और कप्तानी का समीकरण
गिल को कप्तान बनाने का फैसला उस वक्त आया है जब रोहित शर्मा ने इस साल की शुरुआत में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. तब गिल को टेस्ट कप्तानी सौंपी गई थी. अब वनडे में भी बदलाव हो गया है. रोहित और विराट कोहली हालांकि टीम में मौजूद रहेंगे, लेकिन नेतृत्व की जिम्मेदारी गिल के कंधों पर होगी.
श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है, जो आईपीएल में अपनी कप्तानी की क्षमता दिखा चुके हैं. वहीं, युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की वनडे टीम में वापसी हुई है.
रोहित शर्मा का कप्तानी करियर
रोहित शर्मा ने दिसंबर 2021 में विराट कोहली की जगह वनडे कप्तानी संभाली थी. उनके नेतृत्व में भारत ने एशिया कप 2023 और आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप जीता. इसके अलावा, भारत ने चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब भी उनके नेतृत्व में अपने नाम किया. हालांकि, वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार भारतीय टीम के लिए निराशा लेकर आई.
कुल मिलाकर, रोहित ने भारत को 56 वनडे मैचों में कप्तानी की, जिसमें टीम ने 42 जीते और सिर्फ 12 हारे. उनकी जीत प्रतिशत लगभग 75 रही, जो उन्हें भारत के सबसे सफल कप्तानों में खड़ा करती है. भले ही वे एमएस धोनी या विराट कोहली जितने लंबे समय तक कप्तान न रहे हों, लेकिन उनके नेतृत्व में भारत ने बड़ी ट्रॉफियां जीतीं और सफेद गेंद क्रिकेट में नई ऊंचाइयों को छुआ.
गिल के लिए बड़ी जिम्मेदारी
गिल को यह जिम्मेदारी उस दौर में दी गई है जब भारतीय टीम को नई दिशा की तलाश है. माना जा रहा है कि उन्हें अभी से तैयार किया जा रहा है ताकि 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में वे बतौर कप्तान टीम इंडिया का नेतृत्व कर सकें. गिल के प्रदर्शन और नेतृत्व कौशल ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है.
भारतीय टीम (वनडे)
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल, यशस्वी जायसवाल.
भारतीय टीम (टी20)
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर.
IND VS ENG FIRST TEST
लीड्स टेस्ट में भारत ने ऐसा किया जो शायद किसी ने नहीं सोचा था...835 रन बनाने के बावजूद टीम इंडिया हार गई। आज हम बात करेंगे इसी मैच की 5 बड़ी गलतियों की, जिन्होंने भारत से जीत छीन ली।
1. निचले क्रम की कमजोरी
भारत ने पहली पारी में 430 रन पर सिर्फ 3 विकेट गंवाए थे। लगा कि टीम 600 का स्कोर छू लेगी… लेकिन अचानक 41 रन में 7 विकेट गिर गए! दूसरी पारी में भी वही हाल — 333 पर 5 विकेट और फिर पूरी टीम 364 पर ऑलआउट। मानो ऐसा लगा की टेल-एंडर्स ने जरा भी प्रयास नहीं किया।
2. कैच छोड़ने की भारी चूक
टीम इंडिया ने पूरे मैच में 8 कैच टपकाए, जिसमें से अकेले यशस्वी जायसवाल ने 4 कैच छोड़े। एक समय ऐसा लग रहा था जैसे गेंद खुद जायसवाल की तरफ जा रही हो — ताकि वो उसे फिर से छोड़ दें! जडेजा, पंत और साई सुदर्शन ने भी कैच छोड़े और इंग्लैंड ने इन मौकों का पूरा इस्तेमाल किया।
3. दबाव में बिखरना
जब टीम strong position में थी, तब उसे और attacking game दिखाना चाहिए था लेकिन भारतीय बल्लेबाज दबाव में बिखर गए। खासकर आखिरी के 5-6 बल्लेबाजों में किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली।
4. इंग्लैंड के टेल-एंडर्स की वापसी
जहां भारत का lower order कुछ नहीं कर पाया, वहीं इंग्लैंड के टेल-एंडर्स ने 71 की साझेदारी कर डाली। यही रन मैच का रुख बदलने में अहम साबित हुए।
5. गेंदबाज़ी में धार की कमी
भारतीय गेंदबाज़ों ने शुरुआती विकेट तो लिए लेकिन आखिरी में विकेट लेने की भूख कहीं गायब हो गयी थी। इंग्लैंड के बल्लेबाज़ों को खुलकर खेलने का मौका मिला और भारत पहला टेस्ट हार गया।
ये थीं लीड्स टेस्ट की 5 बड़ी गलतियां जिन्होंने भारत से जीत छीन ली। शतक बनाने वाले खिलाड़ी तो थे, लेकिन टीम गेम की कमी साफ नजर आई। अब देखना ये है कि अगला मैच कौन-सी कहानी लिखता है।
टीम इंडिया और ओमान के बीच मैच की खूबसूरत तस्वीरें
Ind vs Oman Match in Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 के 12वें मुकाबले में भारत ने ओमान को 21 रनों से हराया. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की है. इससे पहले टीम ने यूएई और पाकिस्तान को मात दी थी. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 188 रन बनाए.
ओमान ने अच्छी बल्लेबाजी की और 20 ओवर में चार विकेट पर 167 रन बनाकर भारतीय टीम को आसानी से मैच जीतने नहीं दिया. 189 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ओमान की सलामी जोड़ी जतिंदर सिंह और आमिर कलीम ने पहले विकेट के लिए 56 रन जोड़े. हालांकि, नौंवे ओवर में कुलदीप यादव ने जतिंदर सिंह (32) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. इसके बाद हम्माद मिर्जा ने आमिर कलीम के साथ पारी संभाली. 18वें ओवर में हर्षित राणा ने आमिर कलीम को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच आउट कराकर भारत को दूसरी सफलता दिलाई.
आमिर कलीम की शानदार पारी
आमिर कलीम ने 46 गेंदों में सात चौके और दो छक्के लगाते हुए 64 रन बनाए. 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने हम्माद मिर्जा (51) को आउट कर ओमान की जीत की उम्मीदों को खत्म कर दिया. 20वें ओवर में अर्शदीप ने विनायक शुक्ला (1) को आउट किया. भारत की ओर से कुलदीप यादव, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या ने एक-एक विकेट लिया. ओमान की टीम 167 रन ही बना सकी.
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ही ओवर में शुभमन गिल (5) आउट हो गए. इसके बाद संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने टीम को संभाला. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की. आठवें ओवर में जितेन रामानंदी ने अभिषेक शर्मा (38) को आउट किया. हार्दिक पांड्या महज (1) पर रनआउट होकर चलते बने.
भारतीय मध्यक्रम ने बनाए अहम रन
अक्षर पटेल 13 गेंदों में 26 रन बनाकर आमिर कलीम का शिकार बने. शिवम दुबे भी आमिर की गेंदों पर आउट हुए. 18वें ओवर में शाह फैसल ने संजू सैमसन (56) को आउट किया. संजू ने 45 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के लगाए. तिलक वर्मा ने 18 गेंदों में 29 रन बनाए. आठवें विकेट के रूप में अर्शदीप सिंह (1) रनआउट हुए. भारत ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 188 रन बनाकर मजबूत स्कोर खड़ा किया. ओमान की ओर से शाह फैसल, जितेन रामानंदी और आमिर कलीम ने दो-दो विकेट लिए.
यह भी पढ़ें: दिल्ली रामलीला में को लेकर छिड़ा विवाद; पूनम पांडे बनीं मंदोदरी, संतों ने जताई आपत्ति
21 नवंबर से एशेज के लिए इंग्लैंड ने कसी कमर
Eng Aus in Ashes 2025: एशेज सीरीज का रोमांच एक बार फिर शुरू होने वाला है. इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए अपनी 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. आगामी एशेज 2025-26 सीरीज की कमान ऑलराउंडर बेन स्टोक्स संभालेंगे, जबकि हैरी ब्रूक को उपकप्तान बनाया गया है. इंग्लैंड की टीम नवंबर में ऑस्ट्रेलिया रवाना होगी, जहां दोनों देशों के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी.
इस बार इंग्लैंड की टीम में कई अहम बदलाव और वापसी देखने को मिली है. ऑलराउंडर विल जैक्स को करीब तीन साल बाद टेस्ट टीम में शामिल किया गया है. हालांकि, फिलहाल वह उंगली की चोट से जूझ रहे हैं, लेकिन बोर्ड को उम्मीद है कि सीरीज से पहले वह पूरी तरह फिट हो जाएंगे. वहीं तेज गेंदबाज मैथ्यू पॉट्स ने काउंटी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा. डरहम के लिए उन्होंने 10 मैचों में 28 विकेट चटकाए हैं. इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें एशेज टीम में जगह मिली है.
टीम में तेज गेंदबाज मार्क वुड और युवा स्पिनर शोएब बशीर भी चोट से उबरकर वापसी कर रहे हैं. इसके अलावा जोफ्रा आर्चर को तेज गेंदबाजी की अगुआई का जिम्मा सौंपा गया है. उनके साथ ब्रायडन कार्स, गस एटकिंसन, मैथ्यू पॉट्स और जोश टंग पेस आक्रमण को मजबूती देंगे. वहीं स्पिन विभाग में शोएब बशीर के अलावा विल जैक्स, जो रूट और जैकब बेथल विकल्प के तौर पर मौजूद रहेंगे.
अनुभवी बल्लेबाजी लाइन-अप इंग्लैंड की सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है. कप्तान बेन स्टोक्स के अलावा टीम में जो रूट, जैक क्रॉली, बेन डकेट और ओली पोप जैसे बल्लेबाज मौजूद हैं. विकेटकीपर जेमी स्मिथ से भी बड़ी भूमिका निभाने की उम्मीद की जा रही है.
इस बार की एशेज सीरीज का आगाज 21 नवंबर को पर्थ से होगा. इसके बाद दूसरा टेस्ट 4 दिसंबर को ब्रिसबेन, तीसरा 17 दिसंबर को एडिलेड, चौथा पारंपरिक बॉक्सिंग डे टेस्ट 26 दिसंबर को मेलबर्न और पांचवां व निर्णायक मुकाबला 4 जनवरी से सिडनी में खेला जाएगा.
इंग्लैंड का स्क्वॉड
बेन स्टोक्स (कप्तान), हैरी ब्रुक (उपकप्तान), जैक क्रॉली, जो रूट, जैकब बेथल, ओली पोप, बेन डकेट, गस एटकिंसन, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, शोएब बशीर, ब्रायडन कार्स, मैथ्यू पॉट्स, जोश टंग और मार्क वुड.