फाइल फोटो
Bigg Boss 19 के घर में हर दिन नए झगड़े और नई दोस्तियां देखने को मिल रही हैं. इस बार घर का माहौल उस वक्त गर्मा गया, जब भोजपुरी एक्ट्रेस नीलम गिरी और फरहाना भट्ट के बीच किचन में तीखी बहस हो गई. खाना बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे एक बड़े झगड़े में बदल गया.
दरअसल, नीलम किचन में खाना बना रही थीं, तभी फरहाना और कुनिका के बीच तकरार शुरू हो गई. फरहाना ने तंज कसते हुए कहा, “कुनिका जी कौन हैं. अपनी ताल पर किचन वालों को नचाइए और खुद भी नाचिए.” फरहाना की यह बात नीलम को नागवार गुजरी. गुस्से में नीलम बोलीं, “मैं खाना बना रही हूं या नाच रही हूं? तुझे बहुत दिखता है क्या?” इस पर फरहाना ने कहा, “नाचना कोई बुरी बात थोड़ी है.”
Shared post on Time
बस फिर क्या था, बात इतनी बढ़ गई कि नीलम ने गुस्से में कहा, “मैं अब किचन का कोई काम नहीं करूंगी!” इतना ही नहीं, वो रोने भी लगीं और फरहाना पर भड़कते हुए बोलीं, “तेरे अंदर दिल ही नहीं है, तू औरत ही नहीं है!” इस झगड़े के बाद पूरा घर दो हिस्सों में बंट गया. अब देखना दिलचस्प होगा कि वीकेंड का वार पर सलमान खान इस झगड़े पर क्या कहेंगे.
दूसरी ओर, घर में रोमांस पर भी बवाल
इसी बीच मालती चाहर ने नेहल और बसीर की नज़दीकियों पर सवाल उठाते हुए उन्हें “फेक कपल” कह दिया. मालती ने कहा कि दोनों हर वक्त एक-दूसरे के साथ रहते हैं, फिर भी रिश्ते से इनकार करते हैं. इस पर नेहल और बसीर भड़क उठे और कहा कि उन्हें किसी को कुछ बताने की जरूरत नहीं है. दोनों ने मालती पर चिल्लाना शुरू कर दिया, तो मालती भी चुप नहीं रहीं और बोलीं, “मैं भी इस घर में रहती हूं, मुझे भी सच्चाई जाननी है.”
फाइल फोटो
भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव अब राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं. फिल्मों और म्यूजिक वीडियो से लोगों के दिलों पर राज करने वाले खेसारी अब जनता की सेवा के लिए मैदान में उतर रहे हैं. उन्होंने खुद अपने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करके बताया कि वे बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में छपरा विधानसभा सीट से आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे.
फैंस से मांगा आशीर्वाद
खेसारी लाल यादव ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी किया है जिसमें उन्होंने कहा, “मैं अपना नामांकन भरने जा रहा हूं और इस मौके पर आप सभी का साथ, आपका आशीर्वाद मेरे लिए बहुत बड़ा संबल होगा. नामांकन के दिन आइए, अपने बेटे और भाई को आशीर्वाद दीजिए, ताकि हम आपके हक और सम्मान की लड़ाई मजबूती से लड़ सकें.” उन्होंने बताया कि वे 17 अक्टूबर को नामांकन भरने वाले हैं और फैंस से अपील की है कि वे इस दिन बड़ी संख्या में पहुंचकर उनका समर्थन करें.
फिल्मों से राजनीति तक खेसारी का सफर
खेसारी लाल यादव भोजपुरी इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय चेहरों में से एक हैं. उनकी फैन फॉलोइंग 6.5 मिलियन से ज्यादा है. लोग न केवल उनकी फिल्मों बल्कि उनके गानों के भी दीवाने हैं. अब जब वे चुनावी मैदान में उतरने जा रहे हैं, तो भोजपुरी सिनेमा और राजनीति, दोनों ही जगत में हलचल मच गई है.
खेसारी बोले
खेसारी ने पहले ही साफ कर दिया था कि वे सत्ता की लालसा में राजनीति में नहीं आ रहे, बल्कि “जनता के बेटे” के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाना चाहते हैं. उनका कहना है कि वे जनता की आवाज बनना चाहते हैं और बिहार की समस्याओं को उठाना चाहते हैं.
भोजपुरी सितारे और राजनीति
खेसारी से पहले कई भोजपुरी कलाकार राजनीति में आ चुके हैं. मनोज तिवारी और रवि किशन भाजपा से सांसद हैं और दोनों को राजनीति में बड़ी सफलता मिली है. अब सभी की निगाहें खेसारी लाल यादव पर हैं कि क्या वे भी इस पारी में जीत दर्ज कर पाते हैं या नहीं.
छपरा में सिनेमा बनाम सियासत का संगम
छपरा सीट पर इस बार मुकाबला दिलचस्प रहने वाला है. खेसारी की लोकप्रियता यहां की राजनीति को नया मोड़ दे सकती है. उनकी एंट्री के बाद यह सीट न सिर्फ राजनीतिक बल्कि मनोरंजन जगत की सुर्खियों में भी आ गई है.
फाइल फोटो
Shahrukh Khan Dubai Tower: शाहरुख खान सिर्फ भारत ही नहीं, पूरी दुनिया में सुपरस्टार माने जाते हैं. खासकर अरब देशों में उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है. अब शाहरुख की पॉपुलैरिटी का इतना बड़ा असर देखने को मिला है कि दुबई में उनके नाम पर एक शानदार टॉवर बनाया जा रहा है, जिसकी कीमत करीब 4000 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
मुंबई में हुआ लॉन्च
शुक्रवार को मुंबई में एक इवेंट में शाहरुख खान मौजूद थे, जहां उन्होंने इस टॉवर "Shahrukhs Danube" का लॉन्च किया. यह बिल्डिंग दुबई की बड़ी रियल एस्टेट कंपनी Danube Properties द्वारा बनाई जा रही है. कंपनी के फाउंडर रिजवान साजन ने शाहरुख के नाम पर यह टॉवर बनाने का फैसला लिया.
"मां होतीं तो बहुत खुश होतीं"
इवेंट में शाहरुख भावुक हो गए. उन्होंने कहा, “अगर मेरी मां जिंदा होतीं, तो यह देखकर बहुत खुश होतीं. यह मेरे लिए बड़ा सम्मान है. जब बच्चे दुबई जाएंगे तो मैं उन्हें दिखाऊंगा कि यह ‘पापा की बिल्डिंग’ है.” उन्होंने बताया कि रिजवान साजन की बीमारी से जूझ रही पत्नी की कहानी ने उनका दिल छू लिया, और उसी वजह से उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए हां कहा.
कैसी होगी शाहरुख के नाम पर बन रही बिल्डिंग?
यह 56 मंजिला कॉमर्शियल टॉवर होगा. इसमें हेलीपैड और स्विमिंग पूल शामिल होंगे. इसे 2029 तक पूरा कर लिया जाएगा. कहा जा रहा है कि यह दुबई का एक आइकॉनिक लैंडमार्क बनेगा. पहली बार किसी मुस्लिम देश में किसी बॉलीवुड स्टार के नाम पर इतनी बड़ी इमारत बनाई जा रही है.
Danube Properties क्या है?
यह दुबई की बेहद मशहूर रियल एस्टेट कंपनी है. इसके मालिक रिजवान साजन भारत से ही हैं. वे दुबई में बड़ी पहचान रखते हैं और कई बड़े प्रोजेक्ट बना चुके हैं.
फाइल फोटो
इस साल ऋषभ शेट्टी अपनी फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ के साथ धमाल मचा रहे हैं. फिल्म की सफलता और उनकी शानदार परफॉर्मेंस की हर तरफ तारीफ हो रही है. ऋषभ ने इस फिल्म का निर्देशन भी किया है, जो उनके टैलेंट को और बढ़ा देता है.
फिल्म की सफलता के बीच ऋषभ अमिताभ बच्चन के शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) में पहुंचे. वहां उन्होंने अपने बचपन, पढ़ाई और फिल्मी सफर के बारे में कई बातें साझा की. ऋषभ ने बताया कि वे 5वीं क्लास में फेल भी हो चुके थे, लेकिन मेहनत और जुनून के दम पर आज वे फिल्म इंडस्ट्री में चमक रहे हैं.
ऋषभ ने यह भी बताया कि उनकी फिल्म देखकर तमिल सुपरस्टार रजनीकांत काफी खुश हुए थे. हालांकि, रजनीकांत से मिलने का मौका थोड़ा अजीब रहा क्योंकि उन्हें वेश्ती (लुंगी) पहननी पड़ी. केबीसी पर ऋषभ ने अमिताभ बच्चन के घर जाने की यादें भी साझा कीं.
उन्होंने बताया कि उनके पास अमिताभ के लिए एक खाली जगह रखी हुई है, ताकि अगर अमिताभ उनके काम से खुश हों तो उन्हें लेटर भेज सकें. यह सुनकर अमिताभ ने विनम्रता से माफी मांगी और कहा कि उन्होंने अभी तक ‘कांतारा’ नहीं देखी है, लेकिन उनकी बेटी श्वेता ने फिल्म देखी और उनकी तारीफ की. अमिताभ ने ऋषभ को वादा दिया कि वे फिल्म जरूर देखेंगे और उनके लिए 3-4 लेटर भेजेंगे.
फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ 2 अक्टूबर को रिलीज हुई थी और अब तक वर्ल्डवाइड 694 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर चुकी है. दिवाली तक यह आंकड़ा 700 करोड़ के पार पहुंचने की उम्मीद है. ऋषभ शेट्टी की मेहनत और उनकी फिल्म की सफलता इस साल भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बन चुकी है.