फाइल फोटो
Salman Khan Weekend Ka Vaar: बिग बॉस 19 का ये हफ्ता काफी ड्रामे और झगड़ों से भरा रहा और अब आ गया है वो वक्त जब सलमान खान घरवालों की हरकतों पर सख्त नजर आने वाले हैं. दिवाली स्पेशल वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान एक-एक कंटेस्टेंट से सवाल करते दिखेंगे. इस बार उनके निशाने पर खासतौर पर रहेंगे क्रिकेटर दीपक चाहर की बहन मालती चाहर, सिंगर अमाल मलिक और शहबाज.
मालती चाहर पर सलमान की फटकार
शो के नए प्रोमो में सलमान खान मालती चाहर को जमकर लताड़ते नजर आ रहे हैं. दरअसल, हाल ही में मालती और नेहल के बीच हुई लड़ाई में मालती ने नेहल के कपड़ों को लेकर भद्दा कमेंट किया था. उन्होंने कहा था – “मुझसे अगली बार कपड़े पहनकर बात करना.” इस बयान पर सलमान ने मालती से पूछा, “आपके कमेंट का क्या मतलब था?”
इस पर मालती ने सफाई देते हुए कहा, “यहां बहुत स्ट्रॉन्ग एसी है, तो मैं सोच रही थी कि इन लोगों को ठंड क्यों नहीं लगती.” मालती के इस जवाब पर बसीर बीच में बोल पड़े, “बकवास बात है ये.” सलमान ने बसीर को बीच में रोकते हुए कहा कि वे मालती को पूरा बोलने दें, क्योंकि वे खुद भी जानना चाहते हैं कि वो क्या कहना चाहती हैं.
शहबाज और अमाल की भी लगी क्लास
मालती के अलावा सलमान ने शहबाज को भी उनकी हरकतों के लिए फटकार लगाई. सलमान ने कहा, “हर वक्त मजाक-मजाक करते रहते हो. देखने वालों को तुम बहुत बदतमीज और इरिटेटिंग लगते हो.” वहीं अमाल मलिक को भी सलमान ने इस हफ्ते कड़ी चेतावनी दी. फरहाना के खाने की प्लेट छीनने और उनकी मां के बारे में गलत टिप्पणी करने पर सलमान ने कहा कि ये उनका आखिरी मौका है.
एपिसोड में एक इमोशनल मोमेंट तब आया जब अमाल के पिता डब्बू मलिक शो में पहुंचे. उन्होंने बेटे को समझाते हुए कहा कि उसे अपनी जुबान पर कंट्रोल रखना चाहिए और दूसरों की इज्जत करनी चाहिए. पिता की बातें सुनकर अमाल की आंखों से आंसू निकल पड़े.
दिवाली पर बड़ा धमाका
वीकेंड का वार एपिसोड इस बार बेहद धमाकेदार और इमोशनल होने वाला है. सलमान की सख्ती, झगड़ों की गर्मी और दिवाली की मस्ती – सब कुछ एक साथ देखने को मिलेगा. फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि इस बार कौन बनेगा सलमान के गुस्से का अगला शिकार और किसे मिलेगी उनकी तारीफ.
फाइल फोटो
भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने अब राजनीति में कदम रख दिया है. उन्होंने बिहार की काराकाट विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया है. ज्योति के चुनाव लड़ने की खबर आते ही भोजपुरी इंडस्ट्री में हलचल मच गई है.
नामांकन से पहले जनता से मांगी थी राय
कुछ दिन पहले ज्योति सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट डालकर लोगों से पूछा था कि क्या उन्हें चुनाव लड़ना चाहिए या नहीं. उन्होंने लिखा था, “कराकाट की जनता, मैं असमंजस में हूं. मैंने फोन पर राय ली तो 50% लोगों ने हां कहा और 50% ने ना. इसलिए अब मैं आपसे पूछना चाहती हूं कि क्या मुझे चुनाव लड़ना चाहिए?”
पवन सिंह और ज्योति के रिश्ते में विवाद
ज्योति सिंह और पवन सिंह के रिश्ते पिछले कुछ समय से खराब चल रहे हैं. ज्योति ने कई बार वीडियो जारी करके पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं. वहीं, पवन सिंह ने इन आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया है.
पवन सिंह ने लगाए थे पलटवार के आरोप
पवन सिंह का कहना था कि ज्योति राजनीति में उतरना चाहती हैं, इसलिए वो उनके खिलाफ झूठे आरोप लगा रही हैं. उन्होंने कहा था कि ज्योति और उनके पिता चाहते हैं कि उन्हें विधायक बना दिया जाए. पवन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, “मुझे उम्मीद नहीं थी कि विधायक बनने के लिए वो इतना नीचे गिर जाएगी.”
तलाक का मामला कोर्ट में
दोनों के बीच तलाक का केस कोर्ट में चल रहा है. खबरों के मुताबिक, ज्योति सिंह ने 30 करोड़ रुपए की एलिमनी (भरण-पोषण) की मांग की है. इस बीच अब उन्होंने स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरकर नया मोड़ ला दिया है. अभी तक पवन सिंह की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. लेकिन उनके फैंस सोशल मीडिया पर इस पूरे मामले पर जबरदस्त चर्चा कर रहे हैं.
फाइल फोटो
मिस यूनिवर्स 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं मनिका विश्वकर्मा इस समय सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रही हैं. 74वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता के दौरान उनके आत्मविश्वास भरे इंटरव्यू, शानदार जवाबों और भारतीय शिल्पकला को दर्शाने वाले आउटफिट्स ने लोगों का ध्यान खींचा है. इवेंट से उनकी कई तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिनमें वे पारंपरिक भारतीय पोशाक में बेहद खूबसूरत दिख रही हैं.
डिनर नाइट में छाया मनिका का रॉयल लुक
डिनर नाइट की तस्वीरों में मनिका बेहद एलीगेंट अंदाज़ में नजर आईं. उन्होंने भारतीय फैशन की खूबसूरती को दर्शाता एक पारंपरिक लहंगा-चोली सेट पहना था, जिसे डिज़ाइनर राजदीप राणावत ने तैयार किया था. इस आउटफिट में गहरे रंग का ब्रोकेड लहंगा और गोल्डन-चांदी की मिरर वर्क वाली चोली शामिल थी, जो पूरे लुक को शाही अंदाज़ दे रहा था.
लहंगे के साथ उन्होंने नेवी ब्लू कलर की एक खूबसूरत जैकेट भी पहनी, जिसमें नाज़ुक कढ़ाई और फ्लोरल मिरर वर्क किया गया था. काले और नेवी के गहरे शेड्स में तैयार यह पूरा सेट मंच पर बेहद चमक रहा था.
एक्सेसरीज ने बढ़ाई खूबसूरती
किसी भी देसी लुक की तरह मनिका ने अपने आउटफिट को एक्सेसरीज के साथ खूबसूरती से स्टाइल किया. उन्होंने गोल्डन टोन में मांग टीका, झुमके, चोकर नेकलेस और चूड़ियां पहनीं. ये सभी एक्सेसरीज उनके ब्लाउज पर किए गए मिरर वर्क से बिल्कुल मैच कर रही थीं, जिससे उनका लुक और भी निखर गया.
फाइल फोटो
Hera Pheri 3: बॉलीवुड में कुछ ही फिल्में ऐसी होती हैं, जो समय बीतने के बावजूद दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाए रखती हैं. 2000 में रिलीज़ हुई फिल्म हेरा फेरी ऐसी ही क्लासिक कॉमेडी है. प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की तिकड़ी ने दर्शकों को खूब हंसाया. कहानी थी तीन परेशान लोगों की, जो गलती से एक फिरौती कॉल में फंस जाते हैं. इसके हास्य और अद्भुत किरदार आज भी दर्शकों की पसंद हैं. मीम्स, मशहूर डायलॉग्स और बार-बार टीवी पर दिखाई जाने के बावजूद यह फिल्म आज भी लोगों के बीच उतनी ही लोकप्रिय है.
अब जब इंटरनेट पर हेरा फेरी 3 की चर्चाएं तेज़ हो रही हैं, तो फैंस की उत्सुकता चरम पर है. प्रियदर्शन ने पिंकविला से बातचीत में इस फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म बनाने की संभावनाओं पर अपनी राय साझा की. उन्होंने कहा कि वह केवल तभी तीसरा भाग बनाएंगे जब कहानी पहली फिल्म जितनी मज़ेदार और मजबूत होगी. उन्होंने साफ किया कि असली चुनौती पुराने किरदारों को दोबारा पेश करने में नहीं, बल्कि एक ऐसी कहानी खोजने में है जो सच्ची लगे और दर्शकों को बांधे रखे.
प्रियदर्शन ने कहा, “जब तक मुझे पूरी फिल्म की सही कहानी नहीं मिलती, मैं तीसरा भाग बनाने की कोशिश नहीं करूंगा. अगर स्क्रिप्ट मेरी सोच के अनुसार अच्छी नहीं होगी, तो मैं यह फिल्म नहीं बनाऊंगा. अपने करियर में मैं उस मुकाम पर पहुंच चुका हूं, जहां मैं कोई बड़ी गलती करके गिरना नहीं चाहता.” इस बयान से स्पष्ट है कि निर्देशक किसी भी तरह के जल्दीबाजी में फिल्म नहीं बनाना चाहते.
फ्रेंचाइज़ी का इतिहास भी दिलचस्प है. पहली फिल्म मलयालम मूवी रामजी राव स्पीकिंग (1989) से प्रेरित थी और इसे बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता मिली. इसके बाद 2006 में इसका सीक्वल हेरा फेरी 2 आया, जिसका निर्देशन दिवंगत नीरज वोरा ने किया. इसमें अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल ने अपने किरदारों को दोबारा निभाया. अब जब हेरा फेरी 3 की अटकलें बढ़ रही हैं, तो फैंस की नजरें प्रियदर्शन पर टिकी हैं. इस तिकड़ी ने भी पहले ही संकेत दिए हैं कि वे अपने प्रसिद्ध किरदारों को दोबारा निभाने के लिए तैयार हैं.
प्रियदर्शन की बातों से उम्मीद जगती है कि लंबे समय से रुकी हुई तीसरी कड़ी अब वास्तविकता बन सकती है. इसमें पुराने किरदारों की यादें और नई कहानी का ताजगीपूर्ण मिश्रण दर्शकों को फिर से हंसाने के लिए तैयार होगा. फिलहाल फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि हेरा फेरी 3 कब बनती है और कब इसे बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा. जैसे ही फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार होगी और निर्देशक हरी झंडी देंगे, बॉलीवुड की यह मशहूर कॉमिक तिकड़ी फिर से हॉलिवुड और टीवी स्क्रीन पर अपनी जादुई कॉमेडी के लिए लौट सकती है.