फाइल फोटो
Bigg Boss 19: टीवी की दुनिया में दर्शकों को एंटरटेनमेंट का तगड़ा डोज देने के लिए कई नए रियलिटी शोज लाइन में हैं. जहां एक तरफ सास-बहू ड्रामे का क्रेज बरकरार है, वहीं रियलिटी शोज अब इस ट्रेंड को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार हैं. भारतीय टीवी के सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शो बिग बॉस का 19वां सीजन इस बार 24 अगस्त से शुरू होने जा रहा है. फैंस लंबे समय से इस सीजन का इंतजार कर रहे थे. हालांकि, प्रोडक्शन हाउस और मेकर्स के बीच कुछ समय तक असहमति के चलते लॉन्च डेट पर सस्पेंस बना हुआ था, लेकिन अब सब ठीक हो गया है. सलमान खान इस बार भी होस्ट की भूमिका निभाते नजर आएंगे और दर्शकों को नए कंटेस्टेंट्स से मिलवाएंगे.
सुपरस्टार सिंगर 3 में नेहा कक्कड़ की वापसी
सिंगिंग रियलिटी शो सुपरस्टार सिंगर 3 में इस बार नेहा कक्कड़ धमाकेदार वापसी कर रही हैं. शो का प्रोमो जल्द ही रिलीज होने वाला है. इस शो में देशभर से आए छोटे-छोटे सिंगिंग टैलेंट अपने हुनर से जजों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे.
टीवी पर चल रहे पॉपुलर शोज
1. नए शोज के साथ-साथ कई पॉपुलर रियलिटी शो पहले से ही दर्शकों का दिल जीत रहे हैं. इनमें कौन बनेगा करोड़पति 17, पति पत्नी और पंगा, छोरियां चली गांव और सुपर डांसर चैप्टर 5 शामिल हैं.
2. पति पत्नी और पंगा ने हाल ही में लाफ्टर शेफ सीजन 2 की जगह ली है और आते ही छा गया है. शो में सेलेब्रिटी जोड़ियों की रियल लाइफ केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आ रही है.
3. छोरियां चली गांव गांव की थीम पर आधारित है, जिसमें शहरी लड़कियों को गांव के माहौल में ढलते हुए दिखाया गया है. शो का कॉन्सेप्ट नया है और दर्शक इसे काफी एंजॉय कर रहे हैं.
4. सुपर डांसर चैप्टर 5 भी अपने शानदार डांस परफॉर्मेंस और टैलेंटेड कंटेस्टेंट्स की वजह से चर्चा में है.
टीआरपी में मुकाबला होगा कड़ा
सास-बहू सीरियल्स जैसे क्योंकि सास भी कभी बहू थी, अनुपमा और तारक मेहता का उल्टा चश्मा अभी भी दर्शकों के दिलों में अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं. खासकर क्योंकि सास भी कभी बहू थी ने बीते हफ्ते टीआरपी में धमाकेदार रेटिंग हासिल की लेकिन अब बिग बॉस, केबीसी और अन्य रियलिटी शोज के आने से टीआरपी की लड़ाई और दिलचस्प हो जाएगी.
आने वाले हफ्तों में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या बिग बॉस और बाकी रियलिटी शोज सास-बहू ड्रामों को पछाड़कर टीआरपी चार्ट में नंबर वन बन पाते हैं या नहीं. इतना तय है कि दर्शकों के लिए आने वाला समय टीवी पर एंटरटेनमेंट से भरपूर होने वाला है.
फाइल फोटो
Rajkummar Rao Controversy: बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव इन दिनों एक पुराने मामले के चलते कानूनी मुश्किलों में घिर गए हैं. धार्मिक भावना भड़काने के आरोप में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिसके चलते जालंधर कोर्ट में उनके खिलाफ अरेस्ट वॉरंट जारी कर दिया गया. हालांकि, अब उन्होंने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है और उन्हें बेल भी मिल गई है.
दरअसल, मामला साल 2017 में आई फिल्म 'बहन होगी तेरी' से जुड़ा है, जिसमें राजकुमार राव अभिनेत्री श्रुति हासन के साथ नजर आए थे. फिल्म के एक पोस्टर में राजकुमार भगवान शिव के रूप में बाइक पर सवार दिखाई दिए थे. उनके गले में रुद्राक्ष की माला, सिर पर चंद्रमा और बाइक पर उत्तर प्रदेश का नंबर प्लेट भी था. इस पोस्टर को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया. इसके बाद जालंधर कोर्ट में अभिनेता समेत फिल्म के डायरेक्टर अजय के पन्नालाल और प्रोड्यूसर टोनी डिसूजा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया.
जब कोर्ट की ओर से समन जारी किए गए तो वे राजकुमार राव के पुराने पते-प्रेम नगर, गुड़गांव पर भेजे गए. चूंकि अब अभिनेता वहां नहीं रहते, इसलिए उन्हें यह समन नहीं मिल पाया. फिलहाल राजकुमार मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित ओबेरॉय स्प्रिंग्स में रहते हैं. समन न मिलने के चलते वे समय पर कोर्ट में पेश नहीं हो सके और इसी कारण उनके खिलाफ अरेस्ट वॉरंट जारी हुआ.
इसके बाद राजकुमार राव ने 28 जुलाई को जालंधर कोर्ट में खुद को सरेंडर किया. केस की सुनवाई जज श्रीजन शुक्ला की अदालत में हुई. सुनवाई के दौरान राजकुमार राव के वकील दर्शन सिंह दयाल ने दलील दी कि समन उनके मुवक्किल तक नहीं पहुंच पाए थे, लेकिन जैसे ही उन्हें इसकी जानकारी मिली, उन्होंने खुद को कोर्ट में सरेंडर कर दिया. कोर्ट ने वकील की दलील से सहमति जताते हुए राजकुमार राव को जमानत दे दी है. मामले की अगली सुनवाई 30 जुलाई को हुई, जिसमें चार्जशीट दाखिल हो चुकी है और अब कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
फाइल फोटो
Simar Bhatia Debut: एक और स्टार किड बॉलीवुड में एंट्री करने के लिए पूरी तरह तैयार है. अक्षय कुमार की भतीजी सिमर भाटिया फिल्म 'इक्कीस' से डेब्यू कर रही हैं. वह अमिताभ बच्चन के पोते अगस्त्य नंदा के साथ लीड रोल में नजर आएंगी. फिल्म की रिलीज़ से पहले अक्षय कुमार ने अपनी भतीजी के लिए एक बहुत ही इमोशनल पोस्ट शेयर किया, जिसने फैंस का दिल छू लिया.
अक्षय कुमार सोशल मीडिया पर अपनी पर्सनल फीलिंग्स बहुत कम शेयर करते हैं, लेकिन अपनी भतीजी के डेब्यू ने उन्हें इमोशनल कर दिया. फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि उन्होंने सिमर को एक छोटी, शर्मीली बच्ची से एक कॉन्फिडेंट यंग वुमन बनते देखा है. अक्षय ने लिखा, "तुम्हें एक छोटे बच्चे के रूप में गोद में लिया था और अब तुम्हें फिल्मों की दुनिया में कदम रखते हुए देख रहा हूं. ज़िंदगी का चक्र पूरा हो गया है. तुम अब कैमरे का सामना ऐसे करती हो जैसे तुम इसी के लिए पैदा हुई हो."
उन्होंने आगे कहा कि फिल्मों का सफर आसान नहीं होता, लेकिन उन्हें यकीन है कि सिमर अपनी फैमिली की तरह ही कड़ी मेहनत, ईमानदारी और हिम्मत से आगे बढ़ेगी. अक्षय ने कहा, "भाटिया परिवार का मंत्र सिंपल है. कड़ी मेहनत करो, दिल से काम करो, और फिर यूनिवर्स के जादू पर भरोसा रखो. मुझे तुम पर बहुत गर्व है, बेटा. दुनिया जल्द ही सिमर भाटिया से मिलने वाली है, लेकिन मेरे लिए तुम हमेशा से एक स्टार रही हो." उन्होंने पोस्ट के आखिर में लिखा, "चमकती रहो... जय महादेव."
'इक्कीस' की कहानी और रिलीज़ डेट
'इक्कीस' परमवीर चक्र विजेता अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित एक वॉर ड्रामा फिल्म है. इस फिल्म को नेशनल अवॉर्ड विनर श्रीराम राघवन ने डायरेक्ट किया है, जो अपनी इंटेंस और सस्पेंसफुल फिल्मों के लिए जाने जाते हैं. अगस्त्य नंदा और सिमर भाटिया दोनों ही इस फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू कर रहे हैं. यह फिल्म 25 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. फैंस यह देखने के लिए एक्साइटेड हैं कि ये दोनों नए एक्टर बड़े पर्दे पर कैसा परफॉर्म करते हैं.
इस फिल्म की एक और खास बात यह है कि इसमें दिवंगत वेटरन एक्टर धर्मेंद्र भी नज़र आएंगे. यह फिल्म उनकी आखिरी फिल्म बन गई है, जिससे दर्शकों में खास दिलचस्पी पैदा हो गई है.
फाइल फोटो
Anit Padda Emotional Story: साल 2025 की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक थी ‘सैयारा’. इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की और करीब 500 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया. दर्शकों ने फिल्म की रोमांटिक और भावनात्मक कहानी को खूब पसंद किया. थिएटरों में भी इसका जादू ऐसा चला कि हर शो हाउसफुल रहा लेकिन इस फिल्म की सक्सेस सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं रही. इसकी हीरोइन अनीत पड्डा के लिए ‘सैयारा’ बहुत ही पर्सनल और इमोशनल महत्व रखती है.
अनीत का किरदार और पर्सनल कनेक्शन
फिल्म में अनीत ने उस लड़की का रोल निभाया है, जो अल्जाइमर की बीमारी से जूझ रही होती है. अल्जाइमर एक ऐसी बीमारी है जिसमें इंसान धीरे-धीरे अपनी याददाश्त खोने लगता है. बड़े पर्दे पर इस किरदार को निभाना किसी भी एक्टर के लिए आसान नहीं होता, लेकिन अनीत ने इसे बड़ी खूबसूरती से निभाया. अनीत ने खुद खुलासा किया कि यह रोल उनके दिल के बहुत करीब था क्योंकि उनके दादा भी अल्जाइमर से पीड़ित हैं.
हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया से बातचीत में उन्होंने बताया, "मेरे दादू को अल्जाइमर है, इस वजह से यह फिल्म मेरे लिए और भी इमोशनल हो जाती है. आज वो उस स्टेज पर हैं, जहां उन्हें बहुत सी बातें याद नहीं रहतीं लेकिन जब मैंने यह रोल किया, तो मुझे लगा कि यह सिर्फ किरदार नहीं, बल्कि मेरे दिल की कहानी भी है."
दादू का इमोशनल रिएक्शन
जब फिल्म रिलीज हुई, तब अनीत के दादा बेड रेस्ट पर थे और थिएटर नहीं जा पाए. ऐसे में अनीत के माता-पिता ने उन्हें फिल्म से जुड़े कुछ क्लिप्स दिखाए. क्लिप्स देखने के बाद उनका रिएक्शन बेहद खास था. अनीत बताती हैं, “उन्हें मेरा नाम याद नहीं, लेकिन वो मुझे अभी भी ‘हीरापुत’ और ‘मक्खन’ कहकर बुलाते हैं. जब उन्होंने फिल्म के वीडियोज देखे तो उनके चेहरे पर खुशी झलक उठी. उन्होंने कहा, ‘हीरापुत और मक्खन दी मूवी’. वह पल मेरे लिए किसी अवॉर्ड से कम नहीं था.” यह पल अनीत के लिए इतना खास था कि उन्होंने इसे अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी उपलब्धि मान लिया.
‘सैयारा’ की सफलता और टीम का सफर
‘सैयारा’ सिर्फ अनीत के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी टीम के लिए मील का पत्थर साबित हुई. इस फिल्म ने न सिर्फ अनीत पड्डा और अहान पांडे के करियर को नई ऊंचाइयां दीं, बल्कि डायरेक्टर मोहित सूरी को भी एक बार फिर दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई. फिल्म का म्यूजिक, कहानी और कलाकारों का अभिनय सबने मिलकर इसे ब्लॉकबस्टर बना दिया. खासकर अनीत और अहान की केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब सराहा.