फाइल फोटो
War 2 Movie Review: यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वॉर 2’ आखिरकार बड़े पर्दे पर आ चुकी है. इस बार कहानी न केवल कबीर (ऋतिक रोशन) की वापसी लेकर आती है, बल्कि इसमें पहली बार साउथ के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर भी शामिल हुए हैं. उनके साथ लीड रोल में कियारा आडवाणी हैं.
फिल्म की ओपनिंग सीन ही दर्शकों को सीट से बांध देता है. पहली फिल्म के एंड क्रेडिट सीन में जो रहस्यमय किरदार जापान में नजर आया था, वहीं से ‘वॉर 2’ की कहानी आगे बढ़ती है. जापान का एक रईस व्यक्ति अपना 75वां जन्मदिन मना रहा है, लेकिन इस खुशी के माहौल में कबीर की एंट्री सबकुछ बदल देती है.
कटाना (जापानी तलवार) हाथ में लेकर कबीर का एक्शन सीक्वेंस किसी विजुअल ट्रीट से कम नहीं. यह सीन इतना स्टाइलिश और तेज़-तर्रार है कि एनिमे और मार्शल आर्ट फिल्मों के फैंस के लिए यह किसी सपने जैसा है. ऋतिक रोशन का स्वैग, उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और बेहतरीन एक्शन कोरियोग्राफी फिल्म का टोन सेट कर देती है.
ओपनिंग एक्शन के बाद कहानी उस असली मिशन पर आती है, जिसके पीछे कबीर दो साल से लगा हुआ है — ‘कलि’ नाम का एक विशाल कार्टेल. कबीर अब इस अंडरवर्ल्ड नेटवर्क का हिस्सा बन चुका है और पहले से ज्यादा खतरनाक हो गया है. ऐसे में उसे रोकने के लिए मेजर विक्रम (जूनियर एनटीआर) की एंट्री होती है, जिनकी पर्सनैलिटी और दमदार अंदाज कबीर के बराबर नजर आता है. कव्या लूथरा (कियारा आडवाणी) का किरदार भी मिशन का अहम हिस्सा है. कियारा ने अपने किरदार में ग्लैमर के साथ-साथ एक्शन का भी सही बैलेंस रखा है.
पहले हाफ में सबसे बड़ा आकर्षण ऋतिक और जूनियर एनटीआर का आमना-सामना है. दोनों कलाकार अपने-अपने एक्शन, डायलॉग डिलीवरी और स्क्रीन प्रेजेंस में किसी भी तरह की कमी नहीं छोड़ते. जहां ऋतिक का किरदार स्मार्ट, प्लानिंग में माहिर और करिश्माई दिखता है, वहीं एनटीआर का विक्रम सख्त, तेज और बेहद इंटेंस नजर आता है.
फिल्म का फर्स्ट हाफ एक्शन से भरपूर है. चाहे वह जापान की गलियों में तलवारबाजी हो या हाई-स्पीड कार चेज़. स्टंट्स की कोरियोग्राफी और कैमरा वर्क शानदार है, जिससे हर एक्शन सीन बड़े कैनवास पर और भी भव्य दिखता है. बैकग्राउंड स्कोर सीन के इम्पैक्ट को कई गुना बढ़ा देता है. स्पेशल इफेक्ट्स और लोकेशन का चयन कहानी को इंटरनेशनल टच देता है, जो स्पाई यूनिवर्स की पहचान बन चुका है.
पहला हाफ दर्शकों को लगातार जोड़े रखता है। एक्शन, ड्रामा और रहस्य का सही मिश्रण आपको अगले सीन का इंतजार कराता है। इंटरवल से पहले फिल्म एक ऐसे मोड़ पर पहुंचती है, जहां दर्शक सोचने पर मजबूर हो जाते हैं कि अब आगे कहानी किस दिशा में जाएगी।
फाइल फोटो
Emmy Awards 2025 Winners List: लॉस एंजेलिस के प्रतिष्ठित पीकॉक थिएटर में आयोजित 77वें प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड्स 2025 इस बार कई मायनों में ऐतिहासिक रहे. शो की मेज़बानी कॉमेडियन नैट बारगेट्ज़ ने की. समारोह की सबसे बड़ी चर्चा नेटफ्लिक्स की लिमिटेड सीरीज़ Adolescence और कॉमेडी सीरीज़ The Studio को लेकर रही.
‘The Studio’ का धमाका
कॉमेडी श्रेणी में The Studio ने इस साल का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाया. इसने कुल 13 एमी अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया. एक ही सीज़न में इतने अवॉर्ड पाने वाली यह पहली कॉमेडी सीरीज़ बन गई. इस शो को ‘Outstanding Comedy Series’ का खिताब मिला और सेठ रोजन को ‘लीड एक्टर (कॉमेडी सीरीज़)’ का अवॉर्ड मिला. ब्रायन क्रैंस्टन को ‘गेस्ट एक्टर’ (कॉमेडी सीरीज़) के लिए सम्मानित किया गया.
‘Adolescence’ और ओवेन कूपर की उपलब्धि
नेटफ्लिक्स की लिमिटेड/एंथोलॉजी सीरीज़ Adolescence ने आठ एमी अवॉर्ड अपने नाम किए. 15 साल के ओवेन कूपर ने इस शो में अपने अभिनय से सबको चौंका दिया. उन्हें ‘Outstanding Supporting Actor (Limited/Anthology Series/Movie)’ का अवॉर्ड मिला. वे इस श्रेणी में सबसे कम उम्र के विजेता बन गए. इससे पहले 1994 में माइकल ए. गूरजियन ने 23 साल की उम्र में यह अवॉर्ड जीता था.
अवार्ड लेते समय ओवेन कूपर ने कहा, “सालों पहले जब मैंने ड्रामा क्लासेस लेना शुरू किया था, तब नहीं सोचा था कि अमेरिका आकर एमी अवॉर्ड जीतूंगा. अगर आप सुनें, फोकस करें और अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलें तो जिंदगी में सब कुछ हासिल कर सकते हैं. तीन साल पहले मैं कुछ नहीं था, आज यहां हूं.” उनकी इस स्पीच पर पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा.
ड्रामा श्रेणी में ‘The Pitt’ और ‘Severance’ को सम्मान
ड्रामा श्रेणी में The Pitt को ‘Outstanding Drama Series’ का अवॉर्ड मिला. इसी शो के लिए नोआ वाइल ने ‘लीड एक्टर (ड्रामा सीरीज़)’ और कैथरीन लानासा ने ‘सपोर्टिंग एक्ट्रेस’ का खिताब जीता. Severance को भी इस बार कई पुरस्कार मिले. इसकी एक्ट्रेस ब्रिट लोअर ने ‘लीड एक्ट्रेस (ड्रामा सीरीज़)’ और ट्रामेल टिलमैन ने ‘सपोर्टिंग एक्टर (ड्रामा सीरीज़)’ का अवॉर्ड जीता. मेरिट वेवर को ‘गेस्ट एक्ट्रेस (ड्रामा सीरीज़)’ के लिए सम्मानित किया गया.
फाइल फोटो
Kiku Sharda News: रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ से बाहर होते ही कीकू शारदा ने अफवाहों पर सफाई दी कि उन्होंने ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ छोड़ दिया है. शो की ट्रॉफी जीतने से चूक जाने के बाद फैन्स में यह खबर फैल गई थी कि कीकू अब कपिल का शो नहीं करेंगे, लेकिन कॉमेडियन ने साफ कहा कि यह पूरी तरह गलत है.
जूम के साथ बातचीत में कीकू ने कहा, “मुझे कपिल का शो बहुत पसंद है. मैं इसे कभी नहीं छोड़ूंगा. मुझे शो और टीम से बहुत प्यार है. जो जादू स्टेज पर होता है, वो कमाल का होता है। मैं 13 साल से इस शो का हिस्सा हूं और जब तक शो चलता रहेगा, मैं इसका हिस्सा रहूंगा.”
कीकू की बातों से उनके फैन्स को बड़ी राहत मिली. लोग हमेशा उनकी कॉमिक टाइमिंग और कपिल शर्मा के साथ केमिस्ट्री को पसंद करते हैं. उनके 13 साल के लंबे सफर ने उन्हें टीवी की दुनिया में एक जाना-माना चेहरा बना दिया है और उनकी लगन दर्शाती है कि वे मनोरंजन के प्रति कितने समर्पित हैं.
इससे पहले कीकू और कृष्णा अभिषेक के झगड़े को लेकर भी अफवाहें उड़ी थीं. सोशल मीडिया पर उनका फाइट वीडियो वायरल हुआ, जिससे कयास लगाए गए कि दोनों में असली लड़ाई हुई. लेकिन कीकू ने यह स्पष्ट किया कि यह सिर्फ एक प्रैंक था. जब कीकू ‘राइज एंड फॉल’ में गए थे, तब भी कृष्णा ने उनका सपोर्ट किया.
कीकू का यह बयान उनके फैन्स के लिए एक संदेश है कि वे अभी भी अपने पुराने शो और टीम के साथ जुड़े रहेंगे. ‘कपिल शर्मा शो’ और उसके मंच पर कीकू की कॉमिक प्रस्तुति हमेशा दर्शकों का मनोरंजन करती रही है और आगे भी करती रहेंगी.
फाइल फोटो
बिग बॉस 19 का घर इन दिनों सच में जंग के मैदान में बदल गया है. हर दिन कोई न कोई विवाद और झगड़ा देखने को मिल रहा है. अब घर में तान्या मित्तल और फरहाना के बीच जबरदस्त कैटफाइट हो गई. वहीं, नॉमिनेशन टास्क के दौरान पहली बार मृदुल तिवारी का गुस्सा सामने आया.
तान्या–फरहाना की कैटफाइट
डिनर टेबल पर खाना खाते वक्त फरहाना और तान्या के बीच जमकर बहस हुई. फरहाना की बात सुनकर तान्या भड़क गईं और चिल्लाते हुए बोलीं – “मैंने तुम्हें नहीं बोला है एहसान फरामोश, ये मेरी लैंग्वेज नहीं है.” इस पर फरहाना भी चुप नहीं रहीं. उन्होंने पलटवार करते हुए कहा – “तुम गालियां नहीं देतीं तो इसका मतलब ये नहीं कि तुम्हारे शब्द सही हैं.”
बात यहीं खत्म नहीं हुई. झगड़े में जीशान कादरी भी कूद पड़े. उन्होंने फरहाना को समझाते हुए कहा कि वो हमेशा खुद को सही मानती हैं. लेकिन फरहाना को ये बात नागवार गुजरी. उन्होंने जीशान से कहा – “आप क्यों इसके चमचे बन रहे हो?” इस पर जीशान ने भी जवाब देते हुए कहा – “तू भी तो नेहल की चमची बनी रहती है.”
मृदुल तिवारी का गुस्सा
नॉमिनेशन टास्क के दौरान घर का गार्डन एरिया एक भूतिया प्लेग्राउंड में बदल गया. इसी टास्क में पहली बार यूपी के मृदुल तिवारी पूरे गुस्से में नजर आए. उन्होंने नेहल पर आरोप लगाया कि वो सिर्फ “सिंपैथी कार्ड” खेलती हैं और एक ही बात बार-बार दोहराती हैं. इसी बीच अमाल ने टास्क में अशनूर को टारगेट किया, तो नीलम और गौरव खन्ना भी आपस में भिड़ पड़े.
आने वाले एपिसोड में धमाका
शो के प्रोमो वीडियो सामने आते ही फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ गई है. सोशल मीडिया पर दर्शक तान्या और फरहाना की लड़ाई और मृदुल के नए अवतार पर चर्चा कर रहे हैं. अब देखना ये होगा कि आने वाले एपिसोड्स में और कौन-कौन से धमाके होंगे.