फाइल फोटो
Pre Marriage Questions: शादी हर इंसान के जीवन का सबसे अहम फैसला होता है. ये फैसला जीवन की दिशा और दशा दोनों को बदल सकता है. एक सही जीवनसाथी जहां आपके जीवन को खुशहाल बना सकता है, वहीं गलत चुनाव जीवन को तनावों से भर सकता है. इसलिए शादी से पहले सिर्फ प्यार और आकर्षण पर नहीं, बल्कि समझदारी से सोच-विचार कर फैसला लेना जरूरी है.
शादी से पहले कुछ जरूरी बातें अपने पार्टनर से खुलकर करना न केवल पारदर्शिता लाता है बल्कि आपके रिश्ते को मजबूत और टिकाऊ भी बनाता है. आइए जानते हैं वे 10 जरूरी सवाल जो शादी से पहले अपने होने वाले जीवनसाथी से जरूर पूछने चाहिए.
1. पैसों को लेकर आपकी सोच क्या है?
अक्सर लोग शादी से पहले फाइनेंशियल मुद्दों पर बात करने से हिचकते हैं लेकिन यही बात आगे चलकर रिश्तों में तनाव पैदा कर सकती है. अपने पार्टनर से यह जानना जरूरी है कि उनकी बचत करने की आदत कैसी है, क्या उनके ऊपर कोई लोन है. वे घर खरीदना चाहते हैं या किराये पर रहना पसंद करते हैं. रिटायरमेंट की क्या प्लानिंग है. इससे आप दोनों आर्थिक रूप से पारदर्शी रहेंगे और झगड़े की संभावना कम होगी.
2. बच्चे और पेरेंटिंग को लेकर आपका नजरिया क्या है?
क्या आप दोनों बच्चे चाहते हैं? अगर हां तो कितने और कब तक? इसके अलावा बच्चों की परवरिश को लेकर सोच भी मिलनी चाहिए. जैसे कि शिक्षा, संस्कार, अनुशासन आदि को लेकर क्या राय है. ये बातें शुरू में ही क्लियर होनी चाहिए ताकि बाद में कोई कन्फ्यूजन न रहे.
3. जब हमारे बीच बहस हो तो आप उसे कैसे हैंडल करते हैं?
रिश्ते में बहस और मतभेद आना स्वाभाविक है लेकिन उसका समाधान कैसे किया जाता है. यही रिश्ते की नींव को तय करता है. आपके पार्टनर को तुरंत बात करना पसंद है या उन्हें थोड़ा समय चाहिए होता है. ये जानना बेहद जरूरी है ताकि दोनों एक-दूसरे की इमोशनल ज़रूरतों को समझ सकें.
4. आपके और आपके परिवार के बीच कैसा रिश्ता है?
शादी सिर्फ दो लोगों का नहीं, दो परिवारों का भी मिलन है. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि आपके पार्टनर अपने माता-पिता और भाई-बहनों से कैसा रिश्ता रखते हैं. क्या वे हर वीकेंड घर जाना चाहते हैं? क्या वे अपने माता-पिता के साथ रहना पसंद करेंगे? इस पर स्पष्ट बातचीत होनी चाहिए.
5. घरेलू जिम्मेदारियां कैसे बांटेंगे?
अगर आप दोनों वर्किंग हैं तो घर की जिम्मेदारियों का बंटवारा कैसे होगा. ये तय करना बेहद जरूरी है. जैसे कि खाना बनाना, सफाई, शॉपिंग आदि. इससे एक-दूसरे पर अनावश्यक बोझ नहीं पड़ेगा और दोनों संतुलन के साथ जीवन जी पाएंगे.
6. आपके करियर प्लान्स क्या हैं?
क्या आपका पार्टनर नौकरी में ही रहना चाहता है या भविष्य में खुद का बिजनेस शुरू करना चाहता है? क्या वे किसी और क्षेत्र में जाना चाहते हैं? ऐसे सवालों से आप उनके प्रोफेशनल ड्रीम्स को समझ पाएंगे और जरूरी सपोर्ट दे सकेंगे.
7. आपकी लाइफस्टाइल कैसी है?
क्या वे सुबह जल्दी उठते हैं या देर से? क्या उन्हें पार्टी करना पसंद है या शांत माहौल? अगर आपकी और उनकी लाइफस्टाइल एक-दूसरे से बहुत अलग है तो ये बात पहले ही स्पष्ट करें और समझौते की जगह तय करें.
8. खाली समय में आप क्या करना पसंद करते हैं?
आपका पार्टनर फुर्सत के पलों में क्या करना पसंद करता है. किताबें पढ़ना, म्यूजिक सुनना, अकेले समय बिताना या साथ में घूमना? इससे आप यह तय कर सकते हैं कि आप दोनों एक-दूसरे को स्पेस दे पा रहे हैं या नहीं.
9. जीवन के बड़े फैसले कैसे लेंगे?
कोई भी रिश्ता तब मजबूत बनता है जब उसमें हर बड़े फैसले. जैसे कि नौकरी बदलना, शहर बदलना, बुजुर्गों की देखभाल मिलकर लिया जाए. इस पर शादी से पहले बात करना जरूरी है ताकि आप दोनों के बीच एक टीमवर्क की भावना विकसित हो.
10. आपके लिए शादी का मतलब क्या है?
शादी को लेकर हर किसी की परिभाषा अलग हो सकती है. किसी के लिए यह साथी के साथ जीवन बिताने का वादा है, तो किसी के लिए पारिवारिक जिम्मेदारियों का विस्तार. यह जानना जरूरी है कि आपके पार्टनर के लिए शादी का क्या महत्व है.
फाइल फोटो
Premature Grey Hair Causes: बदलती लाइफस्टाइल और तनाव भरी जिंदगी बीमारियों की वजह बन रही है. कम उम्र में ही स्किन और बालों से जुड़ी परेशानियां होने लगती हैं. आज बच्चों से लेकर युवाओं में जल्दी बाल सफेद होने की परेशानी देखी जा रही है. बाल सफेद होना सिर्फ खराब लाइफस्टाइल का कारण नहीं है, बल्कि ये पोषण की कमी, तनाव और लापरवाही का संकेत देता है। पहले जानते हैं कि बाल क्यों असमय सफेद होते हैं.
आयुर्वेद में बाल सफेद होने की परेशानी को वात दोष, रक्त धातु, हॉर्मोन के असंतुलन और रस धातु से जोड़कर देखा गया है. जब शरीर अंदर से स्वस्थ होता है, तो बाल और स्किन दोनों ही चमकदार होते हैं. आयुर्वेद में सफेद बालों की परेशानी को कम करने के लिए कई जड़ी-बूटियों को लाभकारी बताया है. इसमें आंवला, ब्रह्मी, जटामांसी, करी पत्ता, भृंगराज, गुड़हल, मुलेठी और नीम का पाउडर शामिल है. डॉक्टरी परामर्श के साथ अगर इन जड़ी-बूटियों का सेवन किया जाए, तो सफेद बाल होने की परेशानी को रोका जा सकता है.
ये सभी जड़ी बूटियां बालों की जड़ों को पोषित करती हैं और प्राकृतिक तरीके से उन्हें रंग भी देती हैं. वैज्ञानिक दृष्टिकोण से बाल तब सफेद होना शुरू होते हैं जब शरीर में मेलानिन प्रभावित होता है. यह स्किन और बाल दोनों को स्वस्थ रखने में मदद करता है. इसके अलावा, विटामिन बी12, आयरन की कमी, नींद आने में परेशानी होना, तनाव लेना, सिर दर्द की परेशानी लगातार होना और आंखों की रोशनी कम होना भी बालों के सफेद होने का कारण होते हैं.
आयुर्वेदिक उपायों के अलावा शरीर को भीतर से ठीक करने की भी जरूरत होती है. शरीर का आंत का साफ होना और रक्त का शुद्ध होना बालों का स्वास्थ्य दर्शाता है. शरीर की अंदरूनी सफाई के लिए रोजमर्रा की दिनचर्या में बदलाव की जरूरत होती है. इसके लिए सुबह गुनगुना पानी पीना, आंवला का सेवन करना, नाश्ते में फलों का सेवन करना, भुने काले तिल का सेवन करना, सुबह की धूप लेना और हफ्ते में कम से कम दो बार गुनगुने तेल से मालिश करना चाहिए. ये तरीके शरीर को अंदर से पोषण देंगे.
बालों को सही पोषण देने के लिए घर पर आसानी से पोषक तत्वों से भरपूर तेल भी बना सकते हैं, जिसे पोटली तेल कहा जाता है. इसमें अपने पसंदीदा तेल में करी पत्ता, भृंगराज, गुड़हल, नीम, मेथी दाना और आंवला को सूती पोटली में बांधकर तेल में तब तक उबालें जब तक उसका रंग गहरा न हो जाए. तेल को छानकर इस्तेमाल करें और हफ्ते में दो बार लगाएं. इससे बालों को मजबूती मिलेगी.
फाइल फोटो
Foods That Cause Wrinkles: आजकल हर कोई जवान और खूबसूरत दिखना चाहता है. इसके लिए लोग महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स, ट्रीटमेंट्स और घरेलू नुस्खे अपनाते हैं लेकिन असली फर्क हमारी डाइट से पड़ता है. हम जो खाते-पीते हैं वही हमारे हेल्थ और स्किन पर असर डालता है. कई बार हम ऐसी चीजें खा लेते हैं जो स्वाद में तो बेहतरीन लगती हैं लेकिन वे हमारी स्किन को डल और बेजान बना देती हैं. यही नहीं, ये फूड्स एजिंग प्रोसेस को भी तेज कर देते हैं, जिससे चेहरे पर झुर्रियां और ढीलापन जल्दी नजर आने लगता है. आइए जानते हैं ऐसी 5 चीजों के बारे में, जिन्हें हमें रोजमर्रा की डाइट से दूर रखना चाहिए.
1. आइसक्रीम
खुशियों का जश्न हो और आइसक्रीम ना हो, ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है लेकिन ये मीठी ठंडक हमारी स्किन के लिए उतनी अच्छी नहीं है. आइसक्रीम में शुगर और फैट दोनों ही भरपूर मात्रा में होते हैं. ये दोनों मिलकर शरीर में ग्लाइकेशन प्रोसेस को तेज कर देते हैं. इस प्रक्रिया से कोलेजन प्रोटीन कमजोर पड़ने लगता है, जो स्किन को टाइट और यंग बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है. नतीजा यह होता है कि स्किन ढीली हो जाती है और चेहरे पर झुर्रियां जल्दी आने लगती हैं. कभी-कभार आइसक्रीम खाना नुकसानदेह नहीं है, लेकिन इसे रोजाना खाना स्किन और सेहत दोनों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है.
2. सोडा
गर्मी में ठंडी बोतल वाला सोडा भले ही ताजगी का अहसास कराए, लेकिन हकीकत में यह स्किन और बॉडी को नुकसान पहुंचाता है. सोडा में शुगर और फॉस्फोरिक एसिड की मात्रा काफी ज्यादा होती है. ये हड्डियों और दांतों को कमजोर करते हैं और ब्लड शुगर लेवल को असंतुलित कर देते हैं. जब शरीर में शुगर का स्तर बढ़ता है तो स्किन पर ग्लो कम हो जाता है और चेहरा डल दिखने लगता है. ऐसे में अगर आप चाहते हैं कि आपकी स्किन हेल्दी और चमकदार दिखे, तो सोडा जैसे कार्बोनेटेड ड्रिंक्स से दूरी बनाना ही बेहतर है.
3. पैक्ड फ्रूट जूस
अक्सर लोग मानते हैं कि फ्रूट जूस हेल्दी होता है, लेकिन हकीकत कुछ और है. मार्केट में मिलने वाले ज्यादातर पैक्ड जूस में बहुत ज्यादा शुगर होती है और इनमें पूरे फल जैसा फाइबर नहीं होता. फाइबर की कमी की वजह से शरीर शुगर को बहुत तेजी से अब्जॉर्ब करता है. इसका असर इंसुलिन पर पड़ता है और शरीर में सूजन बढ़ जाती है. यही वजह है कि पैक्ड जूस ज्यादा पीने वालों की स्किन जल्दी ढीली पड़ने लगती है. अगर आप सच में हेल्दी रहना चाहते हैं तो पैक्ड जूस की जगह ताजे फल खाएं. इसमें फाइबर भी मिलेगा और एजिंग प्रोसेस भी स्लो हो जाएगी.
4. अल्कोहल
अल्कोहल का असर सिर्फ लीवर पर ही नहीं, बल्कि स्किन पर भी नजर आता है. बार-बार शराब पीने से शरीर डिहाइड्रेट हो जाता है और विटामिन A की कमी हो जाती है. विटामिन A स्किन रिपेयर और सेल ग्रोथ के लिए बेहद जरूरी है। इसकी कमी से स्किन डल, बेजान और कमजोर हो जाती है. इसके अलावा अल्कोहल लीवर को भी नुकसान पहुंचाता है, जिससे शरीर से टॉक्सिन्स बाहर नहीं निकल पाते. नतीजा यह होता है कि स्किन पर पिंपल्स, झुर्रियां और उम्र से पहले बूढ़ापन नजर आने लगता है.
5. आर्टिफिशियल स्वीटनर
कई लोग चीनी से बचने के लिए आर्टिफिशियल स्वीटनर का इस्तेमाल करते हैं लेकिन रिसर्च बताती है कि ये स्वीटनर गट हेल्थ को बिगाड़ सकते हैं और हेल्दी बैक्टीरिया को मार सकते हैं. इससे मीठा खाने की क्रेविंग और बढ़ जाती है और मेटाबॉलिक स्ट्रेस भी बढ़ने लगता है. लंबे समय में इसका असर चेहरे पर दिखता है, जहां झुर्रियां और ढीलापन जल्दी आने लगता है. यानी कैलोरी बचाने के चक्कर में लोग अपनी स्किन का नुकसान कर बैठते हैं.
फाइल फोटो
Vitamin D Overdose: विटामिन D हमारे शरीर के लिए बेहद जरूरी पोषक तत्व है. इसे अक्सर “सनशाइन विटामिन” कहा जाता है, क्योंकि इसकी मुख्य स्रोत सूरज की रोशनी है. जब हमारी त्वचा सूरज की किरणों के संपर्क में आती है तो शरीर खुद विटामिन D बनाता है. इसके अलावा, कुछ खाद्य पदार्थ जैसे अंडा, मछली, दूध और सप्लीमेंट्स भी विटामिन D का स्रोत हैं. यह हड्डियों को मजबूत बनाने, इम्यून सिस्टम को दुरुस्त रखने और समग्र स्वास्थ्य के लिए अहम भूमिका निभाता है लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही विटामिन D अगर जरूरत से ज्यादा मात्रा में लिया जाए तो यह सेहत के लिए खतरनाक और यहां तक कि जानलेवा भी हो सकता है?
ब्रिटेन में बुजुर्ग की मौत ने किया सभी को हैरान
साल 2024 में ब्रिटेन से एक ऐसा मामला सामने आया जिसने दुनिया भर के स्वास्थ्य विशेषज्ञों को चिंतित कर दिया. यहां 89 साल के एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी और इसकी वजह डॉक्टरों ने विटामिन D का ओवरडोज़ बताया. जांच में सामने आया कि बुजुर्ग लंबे समय से ज्यादा मात्रा में विटामिन D सप्लीमेंट ले रहे थे. धीरे-धीरे उनके खून में कैल्शियम का स्तर इतना बढ़ गया कि हार्ट और किडनी ने काम करना बंद कर दिया. यह घटना साफ करती है कि “जरूरत से ज्यादा” विटामिन D हमारे शरीर के लिए किसी जहर से कम नहीं है.
आखिर कितनी मात्रा में लेना चाहिए विटामिन D?
हेल्थ एक्सपर्ट्स, खासकर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिसिन (अब NASEM) का कहना है कि अलग-अलग उम्र के लोगों के लिए विटामिन D की मात्रा तय है. 19 से 70 साल की उम्र वाले लोगों को रोजाना 15 माइक्रोग्राम (mcg) लेना चाहिए. 70 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को 20 mcg विटामिन D की जरूरत होती है. लेकिन एक वयस्क इंसान को दिनभर में 100 mcg से ज्यादा विटामिन D नहीं लेना चाहिए. अगर कोई व्यक्ति इससे अधिक मात्रा में रोजाना इसका सेवन करता है तो वह सीधे-सीधे अपनी सेहत को खतरे में डाल रहा है. क्लिवलैंड क्लिनिक के अनुसार, कुछ लोगों के लिए 100 mcg की खुराक भी खतरनाक साबित हो सकती है. यानी हर व्यक्ति के लिए इसकी सहनशीलता अलग हो सकती है.
शरीर में विटामिन D ज्यादा हो जाने पर क्या होता है?
जब शरीर में विटामिन D जरूरत से ज्यादा जमा हो जाता है, तो इसे विटामिन D टॉक्सिसिटी कहा जाता है. इस स्थिति में खून में कैल्शियम का स्तर तेजी से बढ़ने लगता है, जिससे कई तरह की समस्याएं शुरू हो जाती हैं.
शुरुआती लक्षण:-
मिचली और उल्टी
कब्ज और पेट दर्द
भूख कम लगना
थकान और कमजोरी
गंभीर लक्षण:-
अचानक बेहोशी
किडनी की समस्या
हड्डियों में दर्द
मांसपेशियों में कमजोरी
दिल की धड़कन असामान्य होना
अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो यह समस्या और गंभीर हो सकती है, जो कई बार जानलेवा साबित होती है.
सबसे ज्यादा असर किन अंगों पर पड़ता है?
1. किडनी पर असर
विटामिन D का ओवरडोज़ सबसे पहले किडनी पर प्रभाव डालता है. नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ (NIH) के अनुसार, ज्यादा विटामिन D लेने से किडनी स्टोन, नेफ्रोकेल्सिनोसिस (किडनी में कैल्शियम जमा होना) और अचानक किडनी फेल होने की समस्या हो सकती है.
2. हार्ट पर असर
किडनी के बाद इसका सीधा असर दिल पर पड़ता है. खून में कैल्शियम का स्तर असामान्य रूप से बढ़ जाने से हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है. यही वजह है कि ब्रिटेन के बुजुर्ग की मौत में हार्ट फेलियर को भी बड़ी वजह माना गया था.
3. हड्डियों और मांसपेशियों पर असर
आमतौर पर लोग विटामिन D हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए लेते हैं, लेकिन जब यह जरूरत से ज्यादा हो जाता है तो हड्डियों में दर्द और मांसपेशियों में कमजोरी की शिकायत बढ़ जाती है.
कब और कैसे लेना चाहिए विटामिन D?
हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि विटामिन D की खुराक हमेशा डॉक्टर की सलाह से ही लेनी चाहिए. अगर आपके शरीर में विटामिन D की कमी है, तो पहले ब्लड टेस्ट कराएं. डॉक्टर की सलाह के मुताबिक ही इसकी दवा या सप्लीमेंट लें. बिना जांच के खुद से ज्यादा मात्रा में सप्लीमेंट लेना बेहद खतरनाक हो सकता है.