पारी के दौरान शॉट लगाते एविन लुइस (बाएं) और हसन तलत (दाएं))
Pakistan West Indies ODI Cricket Match: डेब्यू मैच खेल रहे हसन नवाज और सिर्फ अपना दूसरा वनडे खेल रहे हुसैन तलात ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पाकिस्तान को मुश्किल हालात से निकालकर 5 विकेट से यादगार जीत दिला दी. दोनों ने नाबाद 104 रन की साझेदारी कर टीम को 281 रन का लक्ष्य 7 गेंदें शेष रहते हासिल करा दिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त दिलाई.
वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन अर्धशतकों की मदद से 280 रन बनाए. पारी की शुरुआत में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी और नसीम शाह असरदार नहीं रहे, लेकिन मिडल ओवर में स्पिनरों ने रनगति पर ब्रेक लगा दिया. साइम अय्यूब, सलमान अली आगा और सुफियान मुकीम ने लगातार विकेट झटके और रन रेट पांच के नीचे खींच लिया.
शाहीन- नसीम ने बिगाड़ा खेल
एविन लुईस (60) और केसी कार्टी ने पावरप्ले में टीम को मजबूत शुरुआत दी, लेकिन 60 रन बनाकर लुईस साइम अय्यूब की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में शाहीन शाह अफरीदी को कैच थमा बैठे. शाई होप (55) और रॉस्टन चेज (53) ने पांचवें विकेट के लिए 64 रन जोड़े, मगर रनगति धीमी रही.
वेस्टइंडीज के इनिंग में जैसे ही 34वें ओवर के बाद गेंद रिवर्स स्विंग होने लगी, पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों ने मैच अपने कब्जे में ले लिया. शाहीन और नसीम ने आखिरी ओवरों में सटीक यॉर्कर डालकर वेस्टइंडीज के निचले क्रम को समेट दिया. नसीम ने तीन और शाहीन ने चार विकेट लिए, जिससे मेजबान टीम 49वें ओवर में 280 रन पर ऑलआउट हो गई.
पाकिस्तान की पारी में उतार-चढ़ाव
281 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को साइम अय्यूब के रूप में जल्दी झटका लगा, जिन्हें जेयडन सील्स ने आउट किया. बाबर आजम (47) और अब्दुल्ला शफीक ने पारी को संभाला, लेकिन शफीक थोड़ी धीमी गेंद पर बोल्ड हो गए. बाबर भी अर्धशतक से तीन रन पहले गुडकेश मोती की गेंद पर आउट हुए.
मोहम्मद रिजवान (53) ने रन गति बढ़ाने की कोशिश की, मगर शमार जोसेफ की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए. इस समय पाकिस्तान का स्कोर 180/5 था और टीम को 101 रन चाहिए थे, जबकि क्रीज पर नए खिलाड़ी हसन नवाज और हुसैन तलात थे.
नवाज-तलात ने बदल दिया मैच का रुख
हसन नवाज ने शुरुआत में 12 गेंदों पर सिर्फ 3 रन बनाए और उन्हें दो जीवनदान भी मिले. वहीं हुसैन तलात ने 39वें ओवर में रॉस्टन चेज़ पर दो चौके जड़े और फिर 41वें ओवर में जोसेफ के ओवर से 17 रन बटोरे, जिसमें 5 वाइड शामिल थे. इससे आवश्यक रन रेट घटकर 7 के करीब आ गई.
46वें ओवर में हसन को मोती ने आसान कैच छोड़कर वेस्टइंडीज की मुश्किल बढ़ा दी. तलात ने अगले ओवर में 15 रन ठोककर जीत का रास्ता साफ कर दिया. अंत में नवाज ने नाबाद 63 और तलात ने नाबाद 41 रन बनाकर टीम को 5 विकेट से जीत दिलाई. इस जीत के साथ पाकिस्तान ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली और दोनों युवा खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से टीम प्रबंधन का भरोसा जीत लिया.
देश दुनिया की लेटेस्ट खबरें पढ़ने के लिए विजिट करें https://bindaasboldilse.com/
(फाइल फोटो)
Indian Cricket Team Captain in ODI: भारतीय क्रिकेट में आज बड़ा बदलाव देखने को मिला है. अब वनडे क्रिकेट की कमान रोहित शर्मा से लेकर युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल को सौंप दी गई है. बीसीसीआई ने शनिवार (4 अक्टूबर) को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम की घोषणा की, जहां गिल को कप्तान और श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया. यह फैसला न सिर्फ आने वाली सीरीज़ के लिए अहम है बल्कि 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी की दिशा में भी बड़ा कदम माना जा रहा है.
बीसीसीआई की चयन समिति ने गिल को कप्तान बनाने से पहले मुख्य कोच गौतम गंभीर से भी चर्चा की. इस चयन समिति की अगुवाई अजीत अगारकर कर रहे हैं. माना जा रहा है कि टीम प्रबंधन चाहता है कि 26 वर्षीय गिल आने वाले सालों में टीम इंडिया की कप्तानी को मजबूती से संभालें. गिल पहले ही टेस्ट टीम की कप्तानी कर रहे हैं और अब वनडे टीम की कमान भी उनके हाथों में आ गई है. वहीं, टी20 टीम में वे उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे.
ऑस्ट्रेलिया दौरे का शेड्यूल
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे मैच खेले जाएंगे, जो 19 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक सिडनी, एडिलेड और मेलबर्न में होंगे. इसके बाद पांच टी20 मुकाबलों की सीरीज़ होगी. वनडे टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली को भी शामिल किया गया है. वहीं, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है.
BCCI का चयन और कप्तानी का समीकरण
गिल को कप्तान बनाने का फैसला उस वक्त आया है जब रोहित शर्मा ने इस साल की शुरुआत में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. तब गिल को टेस्ट कप्तानी सौंपी गई थी. अब वनडे में भी बदलाव हो गया है. रोहित और विराट कोहली हालांकि टीम में मौजूद रहेंगे, लेकिन नेतृत्व की जिम्मेदारी गिल के कंधों पर होगी.
श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है, जो आईपीएल में अपनी कप्तानी की क्षमता दिखा चुके हैं. वहीं, युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की वनडे टीम में वापसी हुई है.
रोहित शर्मा का कप्तानी करियर
रोहित शर्मा ने दिसंबर 2021 में विराट कोहली की जगह वनडे कप्तानी संभाली थी. उनके नेतृत्व में भारत ने एशिया कप 2023 और आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप जीता. इसके अलावा, भारत ने चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब भी उनके नेतृत्व में अपने नाम किया. हालांकि, वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार भारतीय टीम के लिए निराशा लेकर आई.
कुल मिलाकर, रोहित ने भारत को 56 वनडे मैचों में कप्तानी की, जिसमें टीम ने 42 जीते और सिर्फ 12 हारे. उनकी जीत प्रतिशत लगभग 75 रही, जो उन्हें भारत के सबसे सफल कप्तानों में खड़ा करती है. भले ही वे एमएस धोनी या विराट कोहली जितने लंबे समय तक कप्तान न रहे हों, लेकिन उनके नेतृत्व में भारत ने बड़ी ट्रॉफियां जीतीं और सफेद गेंद क्रिकेट में नई ऊंचाइयों को छुआ.
गिल के लिए बड़ी जिम्मेदारी
गिल को यह जिम्मेदारी उस दौर में दी गई है जब भारतीय टीम को नई दिशा की तलाश है. माना जा रहा है कि उन्हें अभी से तैयार किया जा रहा है ताकि 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में वे बतौर कप्तान टीम इंडिया का नेतृत्व कर सकें. गिल के प्रदर्शन और नेतृत्व कौशल ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है.
भारतीय टीम (वनडे)
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल, यशस्वी जायसवाल.
भारतीय टीम (टी20)
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर.
यास्तिका भाटिया ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को किया धराशाई
India A Women Vs Australia A Women Cricket Match: टी20 सीरीज में 3-0 की करारी हार के बाद भारत ए महिला टीम ने जोरदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम को पहले वनडे में 3 विकेट से शिकस्त दी. ब्रिस्बेन के इयान हीली ओवल मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 215 रन का लक्ष्य 42 ओवर में हासिल कर लिया.या स्तिका भाटिया की शानदार पारी और निचले क्रम के बल्लेबाजों के दमदार योगदान ने टीम को जीत दिलाई.
पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम 47.5 ओवर में 214 रन पर सिमट गई. टीम के लिए अनिका लिरॉयड ने नाबाद 92 रन की बेहतरीन पारी खेली और पारी को संभालने का काम किया. राचेल ट्रेनामन ने भी 51 रन बनाए. हालांकि भारत ए की गेंदबाजी ने लगातार दबाव बनाए रखा. राधा यादव ने 3/45 और मिन्नू मणि ने 2/38 के आंकड़े के साथ शानदार गेंदबाजी की.
टीम इंडिया के लिए टीटस साधु और शबनम शकील ने शुरुआती झटके दिए, जिससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 पर तीन विकेट हो गया. इसके बाद लिरॉयड ने पारी को आगे बढ़ाया और टीम को 200 के पार पहुंचाया. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ए की शुरुआत जोरदार रही. यास्तिका भाटिया और शैफाली वर्मा (36) के बीच 77 रन की साझेदारी हुई. यास्तिका ने 59 रन बनाए.
हालांकि, मध्यक्रम में अचानक गिरावट आई और टीम का स्कोर 140/2 से 166/5 हो गया, लेकिन राघवी बिष्ट (नाबाद 25) ने कप्तान राधा यादव (19) के साथ मिलकर पारी को संभाला. पारी में अतिरिक्त रनों (32) का भी अहम योगदान रहा, जिसकी बदौलत भारत ने आठ ओवर शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया.
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एला हेवर्ड ने 2/46 के आंकड़े के साथ सबसे ज्यादा विकेट लिए, लेकिन साझेदारियों की कमी ने टीम को महंगा पड़ा. अब भारत ए महिला टीम 15 अगस्त को खेले जाने वाले दूसरे वनडे में सीरीज जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी.
स्कोर कार्ड
ऑस्ट्रेलिया ए महिला: 214 रन, 47.5 ओवर (अनिका लिरॉयड 92 नाबाद, राचेल ट्रेनामन 51; राधा यादव 3/45, मिन्नू मणि 2/38)
भारत ए महिला: 215/7, 42 ओवर (यास्तिका भाटिया 59, शैफाली वर्मा 36; एला हेवर्ड 2/46)
रिजल्ट: भारत ए ने 3 विकेट से जीत दर्ज की.
शानदार बल्लेबाजी के लिए श्वेता को मिला स्ट्राइकर आफ दी मैच
Women's Delhi Premier League 2025: बारिश ने भले ही ओवर कम कर दिए हों, लेकिन रोमांच में कोई कमी नहीं आई. विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग (WDPL) 2025 के तीसरे मुकाबले में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 15 रन से हरा दिया. अरुण जेटली स्टेडियम में मंगलवार (19 अगस्त) को खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में कप्तान श्वेता सहरावत ने बल्ले से कमाल दिखाया, तो गेंदबाज़ों ने भी विरोधी टीम की कमर तोड़ दी.
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 के तीसरे मुकाबले में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 15 रनों से मात दी. बारिश के चलते मुकाबले को आठ-आठ ओवरों तक सीमित कर दिया गया था, लेकिन खेल का जोश बिल्कुल कम नहीं हुआ.
पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने 3 विकेट के नुकसान पर 73 रन बनाए. पारी की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही और रिया सोनी मात्र चार रन बनाकर पहले ही ओवर में आउट हो गईं. इसके बाद तनीशा सिंह (6) भी जल्दी पवेलियन लौट गईं. इसके बाद कप्तान श्वेता सहरावत ने मोर्चा संभालते हुए छवि गुप्ता (15 रन, 13 गेंद) के साथ तीसरे विकेट के लिए 29 रनों की साझेदारी की.
छवि के आउट होने के बाद श्वेता ने शिवी शर्मा के साथ मिलकर 28 रनों की नाबाद साझेदारी कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. कप्तान श्वेता ने 14 गेंदों में नाबाद 31 रन बनाए, जिसमें दो छक्के और दो चौके शामिल थे. राइडर्स के लिए मयूरी सिंह, पूर्वा सिवाच और मधु ने एक-एक विकेट चटकाया.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईस्ट दिल्ली राइडर्स की शुरुआत अच्छी रही. कप्तान प्रिया पुनिया और वंशिका लीला ने पहले विकेट के लिए 3.3 ओवर में 30 रन जोड़े. लेकिन प्रिया (15 रन, 10 गेंद) के आउट होते ही राइडर्स की पारी बिखर गई. वंशिका लीला ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 17 रन बनाए जिसमें तीन चौके शामिल रहे. उर्वशी गुप्ता ने 11 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम निर्धारित आठ ओवर में 58 रन पर सात विकेट गंवा बैठी और लक्ष्य से पीछे रह गई.
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स की ओर से माधवी बिधूड़ी ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए दो विकेट लिए, जबकि दिशा नागर, तनीशा सिंह और हिमाक्षी चौधरी ने एक-एक विकेट झटका. बारिश से बाधित इस मुकाबले में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने संतुलित प्रदर्शन के दम पर जीत दर्ज की. कप्तान श्वेता की आक्रामक बल्लेबाजी और गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी ने सुपरस्टार्स को टूर्नामेंट की शानदार जीत दिलाई.
बारिश से बाधित विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 के तीसरे मुकाबले में कप्तान श्वेता सहरावत की नाबाद 31 और गेंदबाज़ों के शानदार प्रदर्शन से साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 15 रन से हराया.
यह भी पढ़ें: बी. सुदर्शन रेड्डी कौन हैं? सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज पर INDIA गठबंधन ने बनाया उपराष्ट्रपति का उम्मीदवार